,

CM की विदेश यात्रा से MP को मिला निवेश का तोहफा, विदेश से लौटे मोहन यादव; बोले- अब वैश्विक मंच पर तेजी से उभर रहा राज्य

Author Picture
Published On: 21 July 2025

भोपाल | CM डॉ. मोहन यादव की सात दिवसीय दुबई और स्पेन यात्रा निवेश के नए दरवाजे खोलकर लौटी है। राजधानी भोपाल स्थित स्टेट हैंगर पर उतरते ही उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद, मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि इस विदेश दौरे में 22 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने मध्यप्रदेश में कुल 11,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश का भरोसा जताया है।

दुबई से सीधी उड़ान

सीएम ने जानकारी दी कि दुबई में अमीरात एयरलाइंस ने भोपाल से सीधी उड़ान शुरू करने में दिलचस्पी दिखाई है। प्रदेश सरकार की एविएशन नीति के तहत प्रत्येक उड़ान पर 15 लाख रुपये की सब्सिडी देने का प्रावधान भी है, जिससे यह रूट जल्द हकीकत बन सकता है। दुबई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने 22 अरब देशों के प्रतिनिधियों से भी निवेश और पर्यटन को लेकर विस्तृत बातचीत की। खासकर स्पिरिचुअल टूरिज्म को लेकर कई देशों ने रुचि दिखाई और दुबई में प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित इस्कॉन मंदिर का भी सीएम ने भ्रमण किया।

स्पेन से फिल्मों और किसानों के लिए संभावनाएं

स्पेन दौरे की बात करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि वहां की संस्कृति भारत से काफी मेल खाती है। उन्होंने बताया कि स्पेन के फिल्म डायरेक्टर्स ने मध्यप्रदेश को शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में चुने जाने की मंशा जाहिर की है। साथ ही, कपास उत्पादक किसानों को आधुनिक प्रशिक्षण देने के लिए भी साझा योजना बनी है।

‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ से दिखा प्रवासी भारतीयों का जुड़ाव

दुबई में आयोजित ‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ कार्यक्रम में प्रदेश के साथ जुड़े प्रवासी भारतीयों का जोश देखने लायक था। सीएम ने बताया कि इस आयोजन में 500 से अधिक एनआरआई शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर रजिस्ट्रेशन तक रोकना पड़ा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि दुबई में अकेले 42 लाख से अधिक भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जिनसे सतत संवाद और सहयोग की योजना है।

MP की तरफ देख रही दुनिया

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अब मध्यप्रदेश सिर्फ कृषि राज्य नहीं, बल्कि एक वैश्विक निवेश गंतव्य बनने की ओर बढ़ रहा है। दुबई और स्पेन से मिले विश्वास से यह तय हो गया है कि अगला दशक एमपी का होगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp