गुना | मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुना जिले के बीनागंज में ऐतिहासिक कुंभराज सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह योजना प्रदेश के किसानों के लिए समर्पित है। करीब 5138 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना से गुना जिले की 30 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को बारहमासी सिंचाई सुविधा मिलेगी। यह एक बड़ी उपलब्धि है, जो क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी।
CM ने आभार किया व्यक्त
मुख्यमंत्री ने आभार सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) नदी लिंक परियोजना को बाबा महाकाल का आशीर्वाद बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संकट से जूझ रहे अंचलों में पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रदेश की कोई भी बस्ती, खेत या गांव अब जलविहीन नहीं रहेगा।
विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 175.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 604 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। इसके साथ ही, उन्होंने सामाजिक सरोकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय भी मंच से घोषित किए। बीनागंज निवासी राजेश खंडेलवाल की बेटी के लीवर ट्रांसप्लांट के लिए चार लाख रुपये की सहायता की घोषणा की, जबकि पूर्व में एक लाख रुपये की मदद पहले ही दी जा चुकी थी। वहीं ममता विश्वकर्मा को भी एक लाख रुपये की सहायता दी गई। बीनागंज की गौशाला के विकास के लिए 12 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
हमारा लक्ष्य : हर खेत पानी, हर घर जल…
आज गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा के बीनागंज में ‘पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी लिंक परियोजना आभार सभा’ में ₹175.76 करोड़ लागत के 604 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन तथा ₹5138 करोड़ की ‘कुंभराज वृहद सिंचाई परियोजना’ का लोकार्पण कर… pic.twitter.com/c71KesfEmZ
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) July 25, 2025
प्रदर्शनी का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने इस दौरान लगी प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और कन्या पूजन से किया। गोबर से बनी भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया गया। सावन के अवसर पर बहनों ने राखी बांधकर मुख्यमंत्री का आभार जताया, जिस पर उन्होंने कहा कि बहनों को 250 रुपये का सावन शगुन और दीपावली से पहले 1500 रुपये प्रतिमाह की योजना जल्द ही लागू की जाएगी।
रोजगार को लेकर हुई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने मंच से युवाओं के लिए रोजगार को लेकर भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार फैक्ट्रियों में काम करने वाले युवाओं को 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी, वहीं कामकाजी बहनों को 14,000 रुपये मेहनताना दिया जाएगा। किसानों को सस्ती बिजली के लिए सोलर पंप योजना के विस्तार का भी ऐलान किया गया।
तुलसीराम सिलावट ने कही ये बात
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि पीकेसी नदी लिंक परियोजना से प्रदेश के 13 जिलों के साथ-साथ राजस्थान के भी 13 जिलों को लाभ मिलेगा। इस परियोजना की कुल लागत 72 हजार करोड़ रुपये है और इससे छह लाख हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि केन-बेतवा और तापी मेगा रीचार्ज परियोजनाएं भी इसी श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ियां हैं, जिनसे लाखों किसानों को फायदा होगा।
मध्यप्रदेश बन रहा जलसमृद्ध,
किसान हो रहे खुशहाल…आज गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा के बीनागंज में यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री डॉ. मोहन यादव जी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित ‘पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी लिंक परियोजना आभार सभा’ में सहभागिता की तथा प्रदेश को दी गयी इस अनुपमेय,… pic.twitter.com/jqdCyzNm30
— Tulsi Ram Silawat (@tulsi_silawat) July 25, 2025
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर गरीब को आवास, पानी, स्वास्थ्य और रोज़गार की सुविधा देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने दावा किया कि आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन योजना से लाखों लोगों की जिंदगी बदली है।
ये लोग हुए शामिल
इस जनसभा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और किसान शामिल हुए। यह आयोजन गुना जिले के लिए एक नई शुरुआत का प्रतीक बना, जो आने वाले समय में इस अंचल की कृषि, अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास को नया आयाम देगा।
