नई दिल्ली | भारत ने पर्यटन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ब्रिटेन के प्रमुख अखबार द टेलीग्राफ द्वारा जारी साल 2025 की टॉप ट्रैवल डेस्टिनेशन रिपोर्ट में भारत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस सूची में भारत ने अमेरिका और चीन जैसे बड़े देशों को पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, पहले स्थान पर न्यूजीलैंड और दूसरे स्थान पर जापान को जगह मिली है। यह उपलब्धि भारत के बढ़ते पर्यटन, विविध संस्कृति और समृद्ध विरासत को दर्शाती है।
भारत ने पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। ब्रिटेन के प्रतिष्ठित अखबार द टेलीग्राफ द्वारा जारी साल 2025 की टॉप ट्रैवल डेस्टिनेशन रिपोर्ट में भारत को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस सूची में भारत ने अमेरिका और चीन जैसे बड़े देशों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
अतिथि सत्कार बना वैश्विक पहचान
भारत की वैश्विक पर्यटन लोकप्रियता में अतिथि सत्कार की परंपरा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारतीय संस्कृति, विविधता, खानपान, ऐतिहासिक धरोहरें और पारंपरिक मेहमाननवाजी दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। लंदन स्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट सार्थक आहूजा के अनुसार, भारत के दो प्रमुख होटल ब्रांड, ओबेरॉय और ताज ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ होटलों में स्थान पाया है, जहां ओबेरॉय पहले और ताज तीसरे स्थान पर रहे। यह उपलब्धि दर्शाती है कि भारत का हॉस्पिटैलिटी सेक्टर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
घरेलू पर्यटन को नई रफ्तार
भारत की प्रति व्यक्ति आय के 3000 डॉलर से अधिक हो जाने से लोगों की यात्रा की आदतों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पहले जहां लोग साल में एक-दो बार ही यात्रा करते थे, अब वे साल में कई बार देश और विदेश घूमने जा रहे हैं। इससे घरेलू पर्यटन को नई रफ्तार मिली है। पर्यटन में इस बढ़ोतरी से होटल उद्योग पर भी दबाव बढ़ा है।
भारत में ब्रांडेड होटल कमरों की संख्या लगभग 2 लाख है, जो संयुक्त अरब अमीरात जैसे छोटे देश के बराबर है, जबकि UAE की आबादी भारत की तुलना में बहुत कम है। इसका साफ संकेत है कि बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए होटल की आपूर्ति बढ़ाना अब जरूरी हो गया है।
होटल सेक्टर में हो रहा विस्तार
आहूजा के अनुसार, ताज ब्रांड के होटल्स संचालित करने वाली कंपनी ने जनवरी 2024 से अब तक 50 नए होटल खोले हैं। कंपनी का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक अपने होटल्स की संख्या को बढ़ाकर 700 तक पहुंचाया जाए। इसी तरह, फ्रांस की प्रतिष्ठित होटल चेन Accor Group भी भारत में अपनी मौजूदगी को मज़बूत करने के लिए होटलों की संख्या को तीन गुना तक बढ़ाने की योजना बना रही है।
डेस्टिनेशन वेडिंग का नया हॉटस्पॉट
देशभर में डेस्टिनेशन वेडिंग का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है और इस ट्रेंड में अब सिलीगुड़ी भी नया आकर्षण बन चुका है। खासकर बिहार और बंगाल के परिवारों के लिए यह हिल स्टेशन शादी समारोह का पसंदीदा स्थल बन रहा है। वेडिंग इंडस्ट्री के जानकार सार्थक आहूजा का कहना है, सिलीगुड़ी में पहले से मौजूद मेफेयर होटल के साथ-साथ ताज, हयात और आईटीसी जैसे बड़े हॉस्पिटैलिटी ब्रांड्स भी अपने होटल खोलने की तैयारी में हैं।
यहां होने वाली शादियों पर परिवार 1 करोड़ रुपये तक खर्च कर रहे हैं और 100 कमरों वाले होटल पूरी तरह बुक हो रहे हैं। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि भारत का हॉस्पिटैलिटी और वेडिंग टूरिज्म सेगमेंट न केवल तेजी से बढ़ रहा है, बल्कि नए रोजगार और निवेश के अवसर भी पैदा कर रहा है।
