,

सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से मिले राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल, पीड़ितों को दी आर्थिक सहायता

Author Picture
Published On: 20 September 2025

MP के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने 18 सितम्बर को हुई सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और शोक संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने दुर्घटना की भयावहता पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक है और इससे प्रभावित परिवारों को अपूरणीय क्षति हुई है। जायसवाल ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में पीड़ितों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद मुहैया कराएगी।

मंत्री ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की। इसमें मृतक आदित्य प्रसाद जायसवाल (गीता) के निकटतम वारिस को कर्मकार पंजीयन के तहत चार लाख रुपए अनुग्रह सहायता एवं 6 हजार रुपए अंत्येष्टि सहायता दी गई।

अधिकारियों को निर्देश

मृतक राजकुमार जायसवाल (प्रिंस) के निकटतम वारिस को भी चार लाख रुपए अनुग्रह सहायता एवं 6 हजार रुपए अंत्येष्टि सहायता दी गई। वहीं, मृतक धर्मेंद्र जायसवाल के निकटतम वारिस को 6 हजार रुपए अंत्येष्टि सहायता स्वीकृत की गई। इसके अतिरिक्त, जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹25,000 तथा घायलों को ₹10,000 की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएँ और उनके उपचार में कोई कमी न आए।

इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक, देव कुमार सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला और पार्षद पूनम सोनी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने भी शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया।

18 सितम्बर की घटना

यह हादसा 18 सितम्बर की शाम लगभग 7 बजे तहसील बहरी के ग्राम केशवाही के पास हुआ, जब एक बोलेरो और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार जिला चिकित्सालय सीधी में प्रदान करने के बाद संजय गांधी चिकित्सालय रीवा रेफर किया गया, जहां एक घायल की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देगी और अन्य शासकीय योजनाओं के तहत पात्रतानुसार लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp