पूर्व भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने भोपाल के छोला मंदिर इलाके में आयोजित दुर्गावाहिनी पथ संचलन समारोह के दौरान महिलाओं और युवतियों को संबोधित करते हुए विवादित बयान दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में मंदिरों के आसपास प्रसाद बेचने वालों की निगरानी की जानी चाहिए और अगर कोई विधर्मी पकड़ा गया तो उसे रोकने की आवश्यकता है।
प्रज्ञा ने महिलाओं से कहा कि घर में हथियार रखें और उनकी धार तेज रखें, ताकि परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि दुर्गा वाहिनी का उद्देश्य हर घर में सुरक्षा और दुर्गा शक्ति को स्थापित करना है। अगर दुश्मन हमारी दहलीज पार करे तो हमें उनका मुकाबला करना आना चाहिए।
दुश्मन की तिरछी निगाह
पूर्व सांसद ने बताया कि उन्होंने भोपाल में भ्रमण किया ताकि किसी भी असामाजिक गतिविधि की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि दुर्गाएं हर बालिका और सनातनी बहन के लिए सुरक्षा का संदेश देंगी और देश के लिए त्याग करने के लिए तैयार रहेंगी। प्रज्ञा ने लव जिहाद के मामलों को लेकर कहा कि इसके पीछे प्यार नहीं बल्कि वासना होती है। उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि विधर्मियों को अपने घर में न आने दें और उनसे बनी कोई चीज न खाएं। उनका कहना था कि यदि ये सुरक्षा संकल्प अपनाए जाएं तो समाज में विजय होगी।
सर्वधर्म समभाव पर बयान
प्रज्ञा ने कहा कि धर्म केवल सनातन है और जो सनातन धर्म का पालन करता है वह सनातनी है। उन्होंने सवाल किया कि सर्वधर्म समभाव कैसे हो सकता है जब अन्य धर्मों का पालन करने वालों को विधर्मी कहा जाता है।
पूर्व PM पर टिप्पणी
पूर्व सांसद ने बिना नाम लिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाना देश के लिए हानिकारक था। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं के कारण देश विभाजन और कई समस्याओं का सामना कर रहा है।