,

शिवपुरी में कांग्रेस विधायक ने बीजेपी विधायक पर चरस तस्करी के लगाए गंभीर आरोप, पढ़ें पूरी खबर

Author Picture
Published On: 30 September 2025

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में राजनीति एक बार फिर गरमाई हुई है। पोहरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी विधायक महेंद्र यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्र यादव चरस तस्करी में आरोपी संदीप सिख के पार्टनर हैं और जिले में नशे के कारोबार को संरक्षण देते हैं। विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि कुछ दिन पहले देहात थाना पुलिस ने 30 किलो चरस के साथ आरोपी संदीप सिख को पकड़ा था। कुशवाह ने आरोप लगाया कि आरोपी महेंद्र यादव का करीबी है और विधायक का संरक्षण पाकर यह कारोबार करता रहा है।

उन्होंने कहा कि जिले में नशे का कारोबार जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में चल रहा है। केवल संदीप ही नहीं, बल्कि रेत माफियाओं को भी इस विधायक का संरक्षण प्राप्त है। विधायक कुशवाह के इन आरोपों के बाद जिले में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। फिलहाल बीजेपी विधायक महेंद्र यादव ने इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

CM कार्यक्रम में अनदेखी

कांग्रेस विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि शनिवार को नरवर में हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यक्रम में उनकी अनदेखी की गई। कुशवाह ने कहा कि पूरा कार्यक्रम उनके विधानसभा क्षेत्र में आयोजित था, लेकिन मंच से बोलने का अवसर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद कलेक्टर रविंद्र चौधरी और आयोजकों से 5 मिनट बोलने की अनुमति मांगी थी, लेकिन उन्हें मंच पर बोलने नहीं दिया गया।

विधायक कुशवाह ने कहा कि वह कार्यक्रम में 15 सूत्रीय मांगपत्र लेकर पहुंचे थे। उनका उद्देश्य था कि विधानसभा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री और अधिकारियों के सामने रखा जाए। कुशवाह ने कहा, “मैंने मंच से बोलने की अनुमति मांगने के बावजूद मुझे अवसर नहीं दिया गया। यह मेरी और जनता की अनदेखी है।”

राजनीतिक माहौल में बढ़ी हलचल

कांग्रेस विधायक के आरोपों के बाद शिवपुरी जिले में राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। बीजेपी और कांग्रेस के समर्थक सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा कर रहे हैं। विपक्ष के आरोपों से बीजेपी विधायक महेंद्र यादव के राजनीतिक भविष्य पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सुरक्षा

इस पूरे मामले में प्रशासन की भूमिका पर भी नजरें हैं। विधायक कुशवाह ने आरोप लगाया कि नशे और रेत के अवैध कारोबार में स्थानीय अधिकारियों की मिलीभगत भी शामिल है। पुलिस और प्रशासन की जांच पर अब पूरे जिले की निगाहें टिकी हुई हैं। अब देखना यह है कि बीजेपी विधायक महेंद्र यादव इस मामले में क्या जवाब देते हैं। कांग्रेस विधायक के आरोपों से जिले की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। प्रशासन और पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेंगे या नहीं, यह भी आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp