बिहार में पहले चरण के मतदान के बीच गुरुवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्वी चंपारण के गोविंदपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और NDA सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री देश चलाने के बजाय अब कांग्रेस के पोस्टरों में फोटो गिनने का काम कर रहे हैं।
प्रियंका ने कहा, “प्रधानमंत्री जी भाषणों में कहते हैं कि कांग्रेस के पोस्टर में RJD की फोटो बड़ी है और कांग्रेस की छोटी। देश के प्रधानमंत्री को क्या अब यही काम रह गया है? क्या उनके पास देश के युवाओं और किसानों के लिए कोई योजना नहीं है?” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हम पर आरोप लगाते हैं कि हम उनका अपमान कर रहे हैं, जबकि हम तो लोगों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं।
“चंपारण की धरती आज फिर संघर्ष में है”
प्रियंका गांधी ने महात्मा गांधी के आंदोलन की याद दिलाते हुए कहा कि जिस धरती से आजादी की लड़ाई शुरू हुई थी, वहीं आज फिर जनता संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा, “पहले अंग्रेजों का राज था, अब मोदी का साम्राज्य चल रहा है। हर चीज महंगी हो गई है, गैस, राशन, तेल, सब पर महंगाई की मार है।” उन्होंने कहा कि बिहार में पुलों की हालत किसी से छिपी नहीं है। “सिर्फ तीन साल में 27 पुल गिर गए। सोचिए कैसी सरकार है जो विकास के नाम पर सिर्फ जुमले देती है।”
रोजगार की जगह पलायन
प्रियंका ने कहा कि NDA की सरकार को 20 साल हो गए, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिला। आधी आबादी दूसरे राज्यों में काम करने को मजबूर है। नीतीश कुमार के पास अब कुछ भी नहीं बचा, सरकार दिल्ली से चल रही है। उन्हें कोई सुनता नहीं। कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के बड़े उद्योग घरानों को अपने करीबी दोस्तों के हवाले कर दिया। “पहले लोग सरकारी नौकरी का सपना देखते थे, अब ठेकेदारी और बेरोजगारी ही रह गई है। देश की संपत्ति बिक रही है और जनता को कुछ नहीं मिल रहा।”
बिहार के मेरे प्यारे भाइयों, बहनों, माताओं एवं युवाओं! आज अपने हाथों से अपना भविष्य तय करने का दिन है। बड़ी संख्या में निकलकर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लीजिए। नौकरी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए, अपने लोकतंत्र, संविधान व वोट के अधिकार की रक्षा के लिए…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) November 6, 2025
वोट सोचकर देना
प्रियंका ने महिलाओं से कहा कि वो भी एक महिला हैं और जानती हैं कि घर-परिवार की जिम्मेदारी कैसे उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा, “अब चुनाव आया तो मोदी जी 10 हजार रुपए बांटने की बात कर रहे हैं। ये पैसा आपका हक नहीं, बस आपका वोट खरीदने की चाल है। पैसे ले लो, लेकिन वोट सोच-समझकर देना।”
