,

IAS संतोष वर्मा बयान विवाद फिर गरम, JAYS ने कही ये बात; बयान को गलत दिशा में घुमाया गया

Author Picture
Published On: 30 November 2025

IAS संतोष वर्मा के बयान को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने के बजाय और तेज हो गया है। अब आदिवासी संगठन ‘जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS)’ ने खुलकर उनके समर्थन में मोर्चा संभाल लिया है। संगठन का कहना है कि संतोष वर्मा की बातों को गलत तरीके से पेश कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। JAYS के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट लोकेश मुजाल्दा ने कहा कि संतोष वर्मा की पूरी बात को तोड़कर, एक हिस्से को उठाकर गलत अर्थों में पेश किया गया है। उनका दावा है कि वर्मा ने किसी भी समाज की महिलाओं के लिए अनुचित टिप्पणी नहीं की। उन्होंने सिर्फ सामाजिक सौहार्द और बराबरी पर बात करते हुए ‘रोटी-बेटी व्यवहार’ का उदाहरण दिया था।

आरक्षण पर मूल बात

JAYS नेताओं का कहना है कि संतोष वर्मा ने साफ कहा था कि जब तक ऊँची और निम्न जाति के परिवारों के बीच सामाजिक और वैवाहिक संबंध सामान्य नहीं होते, तब तक आरक्षण को आर्थिक आधार पर बदलने की बात सही नहीं है। मौजूदा व्यवस्था जारी रहनी चाहिए। संगठन का कहना है कि यही बात कुछ लोगों ने अलग तरीके से फैलाकर विवाद खड़ा किया।

इंदौर में रविवार को प्रदर्शन

JAYS ने घोषणा की है कि संतोष वर्मा के समर्थन में ST, SC, OBC और Minority समाज के लोग संयुक्त रूप से चरणबद्ध आंदोलन चलाएंगे। इसी कड़ी में रविवार को इंदौर में बड़ा पैदल मार्च निकाला जाएगा। क्रांतिसूर्य टंट्या भील चौराहा से कलेक्टर कार्यालय तक यह जुलूस जाएगा और इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

रखी जाएंगी ये मांगें

  • IAS संतोष वर्मा को जारी नोटिस तुरंत वापस लिया जाए।
  • वर्मा को धमकी देने वालों पर FIR दर्ज की जाए।
  • पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा SC, ST, OBC वर्गों पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर कार्रवाई हो।
  • संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करने वाले अनिल मिश्रा पर FIR हो।
  • प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ।

JAYS का कहना है कि आरक्षित वर्ग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि किसी भी निष्पक्ष और ईमानदार अधिकारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। समाज संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए एकजुट है और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp