देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (Indigo Flight Cancellation) पिछले 4 दिनों से गंभीर परिचालन संकट से गुजर रही है। क्रू मेंबर्स की कमी के चलते कंपनी को कई रूट्स पर उड़ानें कम करनी पड़ रही हैं। स्थिति यह है कि इंदौर, भोपाल, दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे और हैदराबाद समेत देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर 500 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द की जा चुकी हैं। हजारों यात्री घंटों तक हवाई अड्डों पर फंसे हैं और कई जगह 24 घंटे तक इंतज़ार की स्थिति बनी हुई है।
मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को 6 उड़ानें निरस्त करनी पड़ीं। इससे पहले गुरुवार को 23 फ्लाइट्स कैंसिल हुई थीं, जिससे यात्रियों की परेशानियां और बढ़ गईं। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन टीम से जो भी उड़ानें संचालित हो पा रही हैं, उनमें भी भारी देरी दर्ज की जा रही है।
सिर्फ 1 उड़ान संचालित
जबलपुर एयरपोर्ट पर स्थिति और भी खराब है। इंडिगो की कुल 6 उड़ानों में से 5 को रद्द करना पड़ा। सिर्फ एक उड़ान ने निर्धारित समय पर उड़ान भरी। यात्रियों ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इंडिगो की ओर से समय पर जानकारी न मिलने से तनाव और बढ़ रहा है। ट्रैवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि जो उड़ानें अभी चल रही हैं, वे पूरी तरह भर चुकी हैं। आखिरी कुछ खाली सीटें सामान्य किराए से 4-5 गुना कीमत पर बेची जा रही हैं।
गुरुवार शाम इंदौर से दिल्ली जाने वाली उड़ानों में एकतरफ़ा टिकट 36 हजार रुपए तक पहुंच गया। अचानक बढ़ी मांग और सीमित आपूर्ति के कारण टिकट दरों में रिकॉर्ड स्तर की बढ़ोतरी देखी जा रही है।
यात्रियों की योजनाओं पर विराम
फ्लाइट कैंसिलेशन का असर यात्रियों की पर्सनल और ऑफिशियल यात्रा योजनाओं पर भी पड़ा है। कई लोग जरूरी बैठकों, कार्यक्रमों और पारिवारिक समारोहों में शामिल नहीं हो पाए। एयरलाइंस की ओर से रिफंड या रीशेड्यूलिंग की प्रक्रिया भी धीमी बताई जा रही है, जिससे असंतोष बढ़ रहा है। इंडिगो फ्लाइट संकट का असर राजनीतिक यात्राओं पर भी दिखा। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शुक्रवार दोपहर 1:45 बजे भोपाल से दिल्ली जाने वाले थे। इसके बाद उसी एयरलाइन से देहरादून के लिए उड़ान पकड़नी थी। देहरादून में उनके कार्यक्रम से जुड़ा एक पारिवारिक समारोह था, जिसमें उन्हें शामिल होना था, लेकिन इंडिगो की उड़ान रद्द होने के चलते वह यात्रा नहीं कर पाए।
इंडिगो के सामने चुनौती
फ्लाइट रद्द होने की इस लहर के बीच एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि इंडिगो को क्रू संकट की जानकारी पहले से थी, ऐसे में वैकल्पिक तैयारी की जानी चाहिए थी। कंपनी की ओर से बयान का इंतज़ार है, जबकि यात्रियों को उम्मीद है कि परिचालन जल्द सामान्य होगा और उनकी यात्रा योजनाएं फिर पटरी पर लौट सकेंगी।
