बुंदेलखंड के दमोह जिले में नोहटा स्थित नोहलेश्वर मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला नोहलेश्वर महोत्सव इस वर्ष और भी भव्य रूप में मनाया जाएगा। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 से 15 फरवरी 2026 तक चलने वाले पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर कला, संस्कृति, साहित्य और भक्ति संगीत जगत की प्रमुख हस्तियां अपनी प्रस्तुतियों से महोत्सव को और आकर्षक बनाएंगी।
राज्य मंत्री ने बताया कि महोत्सव में प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा भगवान भोलेनाथ के शिव तांडव नृत्य, शास्त्रीय नृत्य और जय श्रीराम नृत्य नाटिका जैसी प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में हरिओम पवार, जानी बैरागी जैसे कवि रचनापाठ करेंगे। समापन समारोह में प्रसिद्ध भजन गायिका आशा वैष्णव अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहेंगी।
भक्ति का संगम
धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि संस्कृति विभाग और स्थानीय प्रशासन महोत्सव के आयोजन के लिए व्यापक तैयारियों में जुटे हैं। श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। महोत्सव के दौरान सुरक्षा, आवागमन और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
महोत्सव प्रदेश स्तरीय मेले के रूप में उभरकर सामने आए, इस प्रकार की रचना-योजना, कार्ययोजना बनाई जा रही-राज्यमंत्री श्री @DharmendrLodhii
राज्यमंत्री श्री लोधी की अध्यक्षता में नोहलेश्वर महोत्सव की तैयारियों के सबंध में अहृम बैठक सम्पन्न
दिए गए अहृम दिशा-निर्देश
1/2 pic.twitter.com/jD0objAB3Z— Jansampark Damoh (@PROJSDamoh) January 29, 2026
नोहलेश्वर महोत्सव की शुरुआत दो वर्ष पूर्व हुई थी। राज्य मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड अपने गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए पूरे भारत में पहचान रखता है। यहां की शौर्य गाथाएं और सांस्कृतिक कौशल देश के साहित्यकारों और कवियों की रचनाओं में जीवंत रूप में दिखाई देते हैं। महोत्सव के माध्यम से बुंदेलखंड की पुरातन संस्कृति और कला को और व्यापक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
पर्यटन के लिए आकर्षण
राज्य मंत्री ने जनता से अपील की कि वे इस आयोजन में शामिल होकर बुंदेलखंड की कला-संस्कृति का अनुभव करें। उन्होंने कहा कि महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि पूरे परिवार के लिए मनोरंजन का भी अवसर प्रदान करेगा। इस बार महोत्सव में हॉट एयर बलून जैसी रोमांचक गतिविधियां भी देखने को मिलेंगी, जिससे आगंतुकों का अनुभव और यादगार बनेगा।
