यूनेस्को विश्व धरोहर खजुराहो के कंदरिया महादेव और जगदंबा मंदिर परिसर में 20 से 26 फरवरी 2026 तक 52वां खजुराहो नृत्य समारोह आयोजित होगा। बसंत ऋतु के आगमन के साथ मंदिर प्रांगण में तबले की थाप और घुंघरुओं की झंकार से वातावरण मंत्रमुग्ध कर देने वाला होगा।
इस समारोह का आयोजन मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग और उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा किया जा रहा है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन छतरपुर इसके सहयोगी हैं। अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि सात दिनों तक देश के प्रतिष्ठित और उदीयमान नृत्य कलाकार शास्त्रीय नृत्य की विविध परंपराओं को मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
खजुराहो नृत्य समारोह 2026
इस वर्ष समारोह की केंद्रीय थीम ‘नटराज’ है। संचालक संस्कृति एन.पी. नामदेव के अनुसार यह थीम सृजन, लय और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, कथकली, मणिपुरी, सत्रिया और छाऊ जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियां समारोह का मुख्य आकर्षण होंगी।
राष्ट्रीय बाल नृत्य महोत्सव
पिछले साल राज्य स्तरीय आयोजित बाल नृत्य महोत्सव इस बार राष्ट्रीय स्तर पर होगा। 10 से 16 वर्ष के बाल कलाकारों के लिए यह मंच उपलब्ध होगा। देशभर से 310 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से वरिष्ठ गुरुओं द्वारा चयन किया जाएगा। बाल महोत्सव मेला परिसर में आयोजित किया जाएगा।
नई पहल
20 फरवरी को समारोह की शुरुआत सांस्कृतिक रैली से होगी, जिसमें कलाकार शहर के मार्गों से होते हुए मुख्य मंच तक पहुंचेंगे। इसके साथ ही शिल्पग्राम में पहली बार ‘खजुराहो कार्निवाल’ का आयोजन होगा, जिसमें 10 राज्यों के लोक कलाकार भाग लेंगे। इसमें लोकनृत्य प्रस्तुतियों के साथ शास्त्रीय और उप-शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता भी शामिल है।
प्रतिदिन प्रमुख कलाकारों की प्रस्तुति
- 20 फरवरी: ममता शंकर (कथक), अनुराधा वेंकटरमन (भरतनाट्यम), शुभदा वराडकर (ओडिसी)
- 21 फरवरी: विश्वदीप (कथक), अक्मादल काईनारोवा (भरतनाट्यम), प्रभात मेहतो (छाऊ)
- 22 फरवरी: थोकचोम इवेमुबि देवी (मणिपुरी), दुर्गाचरण रनवीर (ओडिसी), सत्रिया केंद्र समूह
- 23 फरवरी: नव्या नायर (भरतनाट्यम), कोट्टक्कल नंदकुमार नायर (कथकली), पद्मजा रेड्डी (कुचिपुड़ी)
- 24 फरवरी: शिंजनी कुलकर्णी (कथक), इलियाना सिटर (ओडिसी), क्षमावेती (मोहिनीअट्टम)
- 25 फरवरी: शाश्वती सेन (कथक), मोहंती (ओडिसी), नयनसखी देवी (मणिपुरी)
- 26 फरवरी: सुनयना हजारीलाल (कथक), प्रतिभा प्रहलाद (भरतनाट्यम), भावना रेड्डी (कुचिपुड़ी), प्रभुतोष पाण्डा (ओडिसी)
विशेष आयोजन और संवाद
समारोह में ‘नटराज’ केंद्रित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। ‘लयशाला’ में गुरु कलाकार नृत्य की तकनीक, भाव और प्रस्तुति पर संवाद करेंगे। ‘कलावार्ता’ में कला, स्थापत्य और खजुराहो के शिल्प पर चर्चा होगी।
