अनिल कपूर को देखकर अक्सर लोग कहते हैं- “इनकी उम्र सच में बढ़ती भी है क्या?” 69 साल की उम्र में भी जिस तरह की फुर्ती और जोश वो स्क्रीन पर दिखाते हैं, वो आज के यंग एक्टर्स को भी टक्कर दे दे। अब उनकी नई फिल्म ‘सूबेदार’ का टीज़र सामने आया है, और एक बार फिर उन्होंने साबित कर दिया है कि वो अभी भी पूरी तरह गेम में हैं।
टीज़र छोटा है, लेकिन असर बड़ा छोड़ता है। अनिल कपूर इस बार एक रिटायर्ड फौजी अर्जुन मौर्य के रोल में हैं। चेहरे पर सख्ती, आंखों में गहराई और शरीर में वही पुराना दमखम उनका लुक देखते ही समझ आ जाता है कि कहानी सिर्फ एक्शन की नहीं, इमोशन की भी होने वाली है। फिल्म की टैगलाइन है- “गलत आदमी से पंगा ले लिया।” और सच कहें तो टीज़र देखकर लगता है कि जिसने भी पंगा लिया होगा, उसे भारी पड़ने वाला है।
अनिल कपूर
कहानी एक ऐसे सैनिक की है जो देश की सेवा के बाद अब सिविल लाइफ में शांति से जीना चाहता है। लेकिन जिंदगी उसे चैन से बैठने नहीं देती। परिवार के भीतर कुछ ऐसी उलझनें सामने आती हैं जो उसे फिर से लड़ने पर मजबूर कर देती हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार दुश्मन सीमा पार नहीं, बल्कि समाज और हालात के बीच छिपे हैं।
फिल्म में राधिका मदान अनिल कपूर की बेटी श्यामा का किरदार निभा रही हैं। पिता-बेटी के रिश्ते में तनाव और दूरी भी कहानी का अहम हिस्सा है। टीज़र से साफ है कि यह सिर्फ मारधाड़ वाली फिल्म नहीं, बल्कि रिश्तों की पेचीदगियों को भी दिखाएगी। सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, फैसल मलिक और मोना सिंह जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जिससे फिल्म की कास्ट और मजबूत हो जाती है।
टीम काफी गंभीर
डायरेक्शन सुरेश त्रिवेणी ने किया है, जो पहले भी भावनात्मक और गहराई वाली कहानियां पर्दे पर ला चुके हैं। प्रोड्यूसर के तौर पर विक्रम मल्होत्रा, अनिल कपूर और खुद सुरेश त्रिवेणी जुड़े हैं। यानी प्रोजेक्ट को लेकर टीम काफी गंभीर नजर आती है।
सबसे खास बात यह है कि ‘सूबेदार’ सिनेमाघरों में नहीं, बल्कि सीधे ओटीटी पर रिलीज होगी। प्राइम वीडियो पर यह फिल्म 5 मार्च को, यानी होली के मौके पर स्ट्रीम की जाएगी। अच्छी बात यह भी है कि फिल्म हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में भी उपलब्ध होगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शक इसे देख सकें।
टीज़र रिलीज
टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन आने लगे। किसी ने लिखा कि “अनिल कपूर का एनर्जी लेवल कम ही नहीं होता”, तो किसी ने उनके राउडी लुक की तारीफ की। कई लोग तो ये भी कह रहे हैं कि उम्र के इस पड़ाव पर इस तरह का एक्शन करना हर किसी के बस की बात नहीं।
कुल मिलाकर, ‘सूबेदार’ एक ऐसे शख्स की कहानी लगती है जो पहले देश के लिए लड़ा और अब अपने घर-परिवार के लिए खड़ा है। एक्शन, इमोशन और पारिवारिक ड्रामा तीनों का तड़का इस फिल्म में देखने को मिल सकता है। अब इंतजार 5 मार्च का है, जब होली के रंगों के साथ अनिल कपूर का यह नया अवतार भी स्क्रीन पर रंग जमाएगा।
