भोपाल | राजधानी भोपाल में मंगलवार को आयोजित जिला जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्रशासन ने मौके पर ही कई मामलों का निपटारा करते हुए शेष शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस साप्ताहिक जनसुनवाई में कुल 126 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि, राजस्व, सामाजिक योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
कलेक्टर ने दिए निर्देश
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर इस बार जनसुनवाई का संचालन जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने किया। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से धैर्यपूर्वक बातचीत की और समस्या के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उपस्थित अधिकारियों को उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करें और संबंधित विभाग तुरंत सक्रिय हों।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में एडीएम अंकुर मेश्राम, पी.सी. शाक्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन के अनुसार, कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि बाकी मामलों पर प्रक्रिया जारी है। लगातार हो रही जनसुनवाई ने नागरिकों में यह विश्वास मजबूत किया है कि उनकी समस्याएं अनसुनी नहीं होंगी और प्रशासन समाधान के लिए तत्पर है।
