MP में आम आदमी पार्टी (AAP) अब पूरी तरह से नए सिरे से खड़ी होने की तैयारी में है। पार्टी ने प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करने के बाद नए संगठनात्मक ढांचे के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भोपाल में रविवार को हुई बैठक में प्रदेश प्रभारी और दिल्ली के पूर्व मंत्री जितेन्द्र सिंह तोमर ने राज्यभर के वरिष्ठ नेताओं से मंथन किया। बैठक में सिंगरौली की मेयर रानी अग्रवाल, पूर्व विधायक ममता मीणा और कई जिला प्रभारी मौजूद रहे। तोमर ने कहा कि यह सिर्फ पदों का पुनर्गठन नहीं, बल्कि राजनीतिक सोच में बदलाव की शुरुआत है।
स्कूलों की हालत शर्मनाक
प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि पार्टी ने तीन महीने पहले एक हजार सरकारी स्कूलों का सर्वे कराया था। उस सर्वे में 990 स्कूलों की हालत बेहद खराब पाई गई। बरसात में छतें टपक रही थीं, बच्चे जमीन पर बैठने को मजबूर थे, 98% स्कूलों में डेस्क तक नहीं थे। न टॉयलेट, न बाउंड्री वॉल। बच्चियों की सुरक्षा तक का ध्यान नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति किसी एक जिले की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की है।
भाजपा और कांग्रेस दोनों ने जनता को बांटने की राजनीति की है, लेकिन शिक्षा देने की जिम्मेदारी से भागी हैं। क्योंकि जब पढ़ा-लिखा नौजवान सवाल करेगा, तो इन दलों के पास जवाब नहीं होगा।
संगठन पुनर्गठन का मिशन
तोमर ने कहा कि पार्टी का अगला फोकस संगठन का पूर्ण री-स्ट्रक्चरिंग है। आज की बैठक में टॉप लीडरशिप के साथ तय किया गया कि प्रदेश से लेकर ब्लॉक और बूथ स्तर तक नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी। हर स्तर पर जनता से जुड़े कार्यकर्ता को जगह मिलेगी। उन्होंने कहा कि AAP का मिशन अगला विधानसभा चुनाव है और पार्टी 29 लोकसभा सीटों और 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
हम जनता के बीच जाकर असली मुद्दे उठाएंगे। जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार शामिल है। आम आदमी पार्टी अब मध्यप्रदेश में विकल्प नहीं, आंदोलन बनने जा रही है।”
छिंदवाड़ा त्रासदी पर सरकार को घेरा
जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौत पर तोमर ने कहा कि सरकार जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। सीएम मोहन यादव कह रहे हैं कि दवा तमिलनाडु में बनी थी, लेकिन सवाल यह है कि वह मध्यप्रदेश में बिकी कैसे? जांच के बिना जनता तक ज़हरीली दवा पहुंची, तो जवाबदेही सरकार की है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को हर जिले में उठाएगी और जरूरत पड़ने पर न्यायिक जांच की मांग भी करेगी।
राहुल गांधी पर टिप्पणी
राहुल गांधी के संभावित छिंदवाड़ा दौरे पर तोमर ने कहा कि हम किसी दल या नेता को फॉलो नहीं करते। आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों पर खड़ी है, न कि किसी की छाया में… उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा में पीड़ित परिवारों से मिलना पार्टी का मानवीय कर्तव्य है, न कि राजनीतिक एजेंडा।
