,

भोपाल में पुलिसकर्मियों से विवाद के बाद ई-रिक्शा चालक की पत्नी ने जहर खाया, कंट्रोल रूम तिराहे पर हंगामा

Author Picture
Published On: 26 February 2026

भोपाल के पुराने पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर गुरुवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब दो पुलिसकर्मियों और एक ई-रिक्शा चालक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि सिग्नल तोड़ने के शक में पुलिस ने रिक्शा रोका, जिसके बाद विवाद बढ़ता चला गया। इसी दौरान रिक्शा चालक की पत्नी ने कथित तौर पर जहर खा लिया। घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है।

रिक्शाचालक नवल कुशवाह उर्फ राहुल, निवासी बरखेड़ी, ने बताया कि वह अपनी पत्नी पूजा के साथ निजी काम से बाजार जा रहा था। पुराने कंट्रोल रूम तिराहे पर पुलिस ने उसका रिक्शा रोक लिया और सिग्नल तोड़ने का आरोप लगाया। नवल के मुताबिक उसने विरोध करते हुए दस्तावेज दिखाने की बात कही। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उससे झूमाझटकी की और थाने ले जाने की धमकी दी। इससे नाराज होकर नवल ने रिक्शा सड़क के बीचोंबीच खड़ा कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।

भोपाल में पुलिसकर्मियों से विवाद

घटना के दौरान माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि नवल की पत्नी पूजा घबरा गई। बताया जा रहा है कि उसने अपने पर्स में रखी चूहामार दवा खा ली। वह रिक्शा में ही तड़पने लगी। इधर, गुस्साए नवल ने पुलिसकर्मियों से तीखी बहस की और उनकी बाइक पलट दी। हालात बिगड़ते देख दोनों पुलिसकर्मी पुराने कंट्रोल रूम परिसर में चले गए, जहां नवल भी पीछे-पीछे पहुंच गया।

समझाइश के बाद अस्पताल ले जाया गया

मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और लोगों ने स्थिति संभालने की कोशिश की। काफी समझाइश के बाद नवल अपनी पत्नी को उसी रिक्शा में अस्पताल लेकर रवाना हुआ। फिलहाल महिला की हालत को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद तिराहे पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।

जांच के संकेत

पूरे घटनाक्रम का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर भी सामने आ रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनुचित व्यवहार पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp