भोपाल | गणेश चतुर्थी और कृष्ण जन्माष्टमी जैसे पावन पर्वों के शुभ अवसर पर राजधानी भोपाल के डॉ. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल में मानव मिल्क बैंक ‘अमृत कलश’ का शुभारम्भ किया गया। यह पहल विशेष रूप से उन नवजात शिशुओं के लिए वरदान साबित होगी, जो समय से पहले जन्म लेते हैं, कमजोर होते हैं या बीमार पड़ते हैं और जिन्हें किसी कारणवश अपनी मां का दूध नहीं मिल पाता।
मानव मिल्क बैंक का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा मां के दूध से वंचित न रह जाए। अस्पताल की नोडल अधिकारी डॉ. रचना दुबे ने बताया कि माताओं द्वारा दान किए गए दूध को सुरक्षित तरीके से पाश्चराइज कर अस्पताल में भर्ती नवजात शिशुओं तक पहुंचाया जाएगा। यह कदम न केवल बच्चों को जीवनरक्षक पोषण देगा, बल्कि शिशु मृत्यु दर को कम करने और माताओं व शिशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
मरीजों के लिए सुविधा
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘अमृत कलश’ की सुविधा केवल डॉ. कैलाशनाथ काटजू चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के लिए ही उपलब्ध होगी। इसका मकसद अस्पताल में इलाजरत उन बच्चों की मदद करना है, जिन्हें तत्काल इस संबल की आवश्यकता है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर नवजात को सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक पोषण मिल सके।
काटजू अस्पताल में ‘अमृत कलश’ की शुरुआत,
डॉ. रचना दुबे, नोडल अधिकारी, के.एन.के चिकित्सालय ने बताया कि यह कदम उन नवजात शिशुओं के लिए आशा की किरण है जिन्हें किसी कारणवश अपनी मां का दूध नहीं मिल पाता…@CMMadhyaPradesh@rshuklabjp@nsp2106@MoHFW_INDIA@healthminmp@NHM_MP pic.twitter.com/WTWJou0R3t— MP Health IEC Bureau (@mp_iec) August 28, 2025
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम उपाध्याय, मिल्क बैंक इंचार्ज डॉ. स्मिता सक्सेना सहित अस्पताल के अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
समाज के लिए प्रेरणा
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम न केवल शिशुओं के जीवन बचाने में मदद करेगा, बल्कि समाज को भी मातृत्व एवं मानवीय संवेदनाओं के महत्व का संदेश देगा। माताओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे जरूरतमंद बच्चों के लिए दूध दान कर इस नेक कार्य में सहयोग करें।
