, ,

नशे के कारोबार को लेकर भाजपा सरकार पर कांग्रेस का हमला, बोले- “नेताओं के संरक्षण में पनप रही स्थिति”

Author Picture
Published On: 13 September 2025

मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने प्रदेश में तेजी से बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश अब नशे का गढ़ बनता जा रहा है और इसके पीछे भाजपा नेताओं का संरक्षण साफ दिखाई देता है। नायक का कहना है कि यह केवल अपराध का मामला नहीं है, बल्कि एक गंभीर सामाजिक और राजनीतिक संकट है, जो युवाओं और समाज के भविष्य को तबाह कर रहा है।

आगर-मालवा ड्रग्स कांड

कांग्रेस नेता ने हाल ही में आगर-मालवा जिले में हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस ने भाजपा तनोडिया मंडल उपाध्यक्ष और ग्राम पंचायत थड़ौदा के सरपंच प्रतिनिधि राहुल आंजना की कार से करोड़ों का नशा जब्त किया। आर्टिगा और इग्निस कारों से 9.250 किलो कैटामाइन, 6 ग्राम एमडी ड्रग्स, 12.100 किलो अमोनियम क्लोराइड पाउडर और 35 लीटर आइसोप्रोपाइल अल्कोहल बरामद हुआ। इनकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब ₹350 करोड़ बताई गई है। नायक का आरोप है कि इस मामले में मुख्य आरोपी फरार है और उसे राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

नशे का नेटवर्क

नायक ने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है।

  • अगस्त 2025 में भोपाल के ग्राम जगदीशपुर में डीआरआई ने ड्रग फैक्ट्री पकड़ी थी, जिसमें 61 किलो मेफेड्रोन और सैकड़ों किलो कच्चा माल मिला था।
  • अक्टूबर 2024 में बगरोदा औद्योगिक क्षेत्र में गुजरात ATS और NCB ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 907 किलो मेफेड्रोन और 5,000 किलो कच्चा माल जब्त किया था। इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ₹1,800 करोड़ थी।

वहीं, आगर-मालवा में हाल ही में भाजपा नेता की गाड़ी से 5 करोड़ से ज्यादा का नशा मिला। नायक ने कहा कि हर बड़े मामले में भाजपा नेताओं या उनके करीबियों का नाम सामने आना अब संयोग नहीं माना जा सकता।

आंकड़े देते हैं खौफनाक तस्वीर

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए नायक ने बताया कि मध्यप्रदेश में NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है।

  • 2020 में 1,644 मामले
  • 2021 में 1,959 मामले
  • 2022 में 2,169 मामले दर्ज हुए।

2022 में जब्त किए गए ड्रग्स की मात्रा भी चौंकाने वाली है, जब 35,766 किलो गांजा और 32,589 किलो अन्य नशे की सामग्री।

भाजपा का दोहरा चेहरा

कांग्रेस नेता ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, “एक ओर वे संस्कार और बेटी बचाओ की बातें करते हैं, दूसरी ओर उनके नेता ड्रग्स माफिया को पनाह दे रहे हैं। सवाल यह है कि इतने बड़े पैमाने पर नशे का कारोबार सत्ताधारी पार्टी के संरक्षण के बिना कैसे चल सकता है?”

कांग्रेस की मांगें

  • आगर-मालवा समेत सभी बड़े ड्रग्स मामलों की CBI और NCB से स्वतंत्र जांच हो।
  • भाजपा नेताओं की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाए।
  • फरार आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
  • सरकार विधानसभा में हर साल NDPS मामलों और ड्रग्स जब्ती की रिपोर्ट पेश करे।

जनता से अपील

मुकेश नायक ने जनता से भी अपील की कि यह लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं है। यह हमारे बच्चों और समाज के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता, हर शिक्षक और हर नागरिक को इस नशे के खिलाफ खड़ा होना होगा। भाजपा का दोहरा चरित्र अब सबके सामने है। हमें मिलकर इस सामाजिक बुराई का अंत करना होगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp