,

भोपाल अरेरा कॉलोनी की शराब दुकान पर जांच आज, मानव अधिकार आयोग की फटकार के बाद प्रशासन हरकत में

Author Picture
Published On: 26 February 2026

भोपाल की अरेरा कॉलोनी स्थित शराब दुकान को लेकर बढ़ते विवाद के बीच गुरुवार को जिला प्रशासन की चार सदस्यीय टीम मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचेगी। मानव अधिकार आयोग की सख्त टिप्पणी के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया है। आयोग ने भोपाल कलेक्टर को 20 मार्च तक ठोस कार्रवाई कर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। फरवरी में आयोग सदस्य प्रियंक कानूनगो स्वयं स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।

रहवासियों का आरोप है कि शराब दुकान आर्य समाज मंदिर से 50 मीटर से भी कम दूरी पर संचालित हो रही है। साथ ही अनुश्री चिल्ड्रन हॉस्पिटल भी पास में स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह आबकारी नीति के नियमों का उल्लंघन है। पिछले एक वर्ष से क्षेत्रवासी दुकान हटाने की मांग को लेकर विरोध जता रहे हैं और कई बार शिकायतें भी दर्ज करा चुके हैं।

भोपाल अरेरा कॉलोनी

शिकायतों के बाद मानव अधिकार आयोग ने मामले को गंभीरता से लिया। आयोग ने कलेक्टर को चार सप्ताह के भीतर निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि तय समयसीमा में उचित कार्रवाई नहीं होने पर मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 13 के तहत सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की।

रहवासियों ने जताई सुरक्षा चिंता

अरेरा कॉलोनी निवासी विवेक त्रिपाठी का कहना है कि आवासीय क्षेत्र में मंदिर और अस्पताल के पास शराब दुकान होने से सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी बढ़ी है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। रहवासियों के मुताबिक दुकान के कारण असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे माहौल प्रभावित हो रहा है।

दुकान शिफ्ट करने की मांग

एक अन्य निवासी लवनीश भाटी ने कहा कि यह केवल दुकान का मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के अधिकारों और धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने मांग की कि यदि आवंटन में अनियमितता पाई जाए तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो और दुकान को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। अब देखना होगा कि निरीक्षण के बाद प्रशासन क्या निर्णय लेता है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp