,

भोपाल में डेंगू-मलेरिया के खिलाफ नगर निगम का एक्शन मोड, घर-घर चल रही जांच और फॉगिंग

Author Picture
Published On: 3 August 2025

भोपाल | राजधानी भोपाल नगर निगम इन दिनों मौसमी बीमारियों खासकर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के खिलाफ एक सख्त और योजनाबद्ध अभियान चला रहा है। बारिश के मौसम में मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उद्देश्य से शहर के हर कोने में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, फॉगिंग और लार्वा जांच की जा रही है।

नगर निगम के आयुक्त हरेन्द्र नारायण के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें हर दिन अलग-अलग इलाकों में पहुंच रही हैं। अमला घर-घर जाकर कूलर, टंकी, गमलों और बेकार टायरों में जमा पानी की जांच कर रहा है। जहां डेंगू लार्वा पाए जा रहे हैं, वहां त्वरित रूप से लार्वा नष्ट करने के साथ ही संबंधित व्यक्तियों पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है। अब तक 13 मामलों में कुल ₹4,200 का स्पॉट फाइन वसूला गया है।

कीटनाशक दवाओं का छिड़काव

अभियान के तहत शहर के लगभग हर प्रमुख इलाके जैसे कि शाहजहानाबाद, गोविंदपुरा, अरेरा कॉलोनी, जानकी नगर, अशोका गार्डन, बरेला गांव, सोनागिरी, टीला जमालपुरा, चूना भट्टी, बसंत कुंज, अमर बस्ती, गौतम नगर और लहारपुर सहित 70 से अधिक वार्डों में फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया गया। साथ ही, गाजर घास की कटाई भी व्यापक स्तर पर की गई, जिससे मच्छरों के पनपने की संभावनाएं खत्म हो सकें।

घरों में रखें साफ

निगम का उद्देश्य केवल दवा छिड़काव तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को जागरूक करना भी इस अभियान का अहम हिस्सा है। निगमकर्मी लोगों को यह भी समझा रहे हैं कि वे अपने घरों में साफ-सफाई रखें, पानी को एक स्थान पर लंबे समय तक इकट्ठा न होने दें और किसी भी लक्षण पर डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।

वार्डवार फाइन की बात करें तो सबसे ज्यादा 2000 रुपये का जुर्माना वार्ड 48 में लगाया गया। इसके अलावा, अन्य वार्डों जैसे 08, 36, 38, 45 और 64 में भी स्पॉट फाइन की कार्रवाई की गई।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp