भोपाल | शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक लगाने के उद्देश्य से नगर निगम भोपाल ने मंगलवार को एक बार फिर सख्त कार्रवाई की। निगम अमले ने अलग-अलग क्षेत्रों में 30 प्रकरणों में कुल ₹13,600 का स्पॉट फाइन वसूला। इनमें दो वाइन शॉप संचालकों पर सबसे बड़ी कार्रवाई हुई, जहां गंदगी फैलाने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने पर हजारों का जुर्माना लगाया गया।
दो वाइन शॉप पर बड़ी कार्रवाई
जोन क्र. 15 के इंद्रपुरी क्षेत्र में संचालित एक वाइन शॉप पर निरीक्षण के दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग और गंदगी पाए जाने पर ₹5,000 का स्पॉट फाइन वसूला गया। वहीं, जोन क्र. 14 के वार्ड क्र. 60 स्थित 80 फीट रोड पर दूसरी वाइन शॉप में भी प्लास्टिक डिस्पोजल की बिक्री और गंदगी फैलाने का मामला सामने आया, जिस पर ₹4,000 का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान निगम टीम ने 7 किलो अमानक सिंगल यूज़ प्लास्टिक भी जप्त कर नष्ट किया।
जोन क्र. 14 के अंतर्गत युगांतर कॉलोनी में ग्रीन नेट लगाए बिना भवन निर्माण करने और सीएंडडी वेस्ट फैलाने पर भवन स्वामी से ₹2,000 का स्पॉट फाइन वसूला गया।
डेंगू लार्वा मिलने पर कार्रवाई
निगम टीम ने डेंगू रोकथाम अभियान के तहत घर-घर लार्वा जांच की। वार्ड क्र. 56 में 10 प्रकरणों में ₹1,000, वार्ड क्र. 57 में 9 प्रकरणों में ₹900, और वार्ड क्र. 60 में 7 प्रकरणों में ₹700 का जुर्माना लगाया गया। इन मामलों में संबंधित भवन मालिकों को चेतावनी भी दी गई कि वे तुरंत सफाई व्यवस्था सुधारें और पानी जमा न होने दें।
निगम आयुक्त के निर्देश पर सख्ती
निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायण के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने यह अभियान चलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता और डेंगू रोकथाम में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
