रविवार की रात भोपाल वालों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं रही। मौका था सिंगर मीका सिंह के लाइव शो का, जिसने राजधानी की नाइट लाइफ में जबरदस्त रंग भर दिए। डीबी सिटी मॉल के चौथे फ्लोर पर बने स्टूडियो X O का डांस फ्लोर तब थिरक उठा, जब मीका ने अपने सुपरहिट गानों की झड़ी लगा दी। पंजाबी अंदाज और धमाकेदार परफॉर्मेंस ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
धमाकेदार शुरुआत
शो की शुरुआत में ही मीका ने “सतश्री काल भोपाल!” कहकर दर्शकों को उत्साह से भर दिया। इसके बाद उन्होंने मंच से पहला गीत “दमा दम मस्त कलंदर” छेड़ा। गाने के सुर जैसे ही क्लब में गूंजे, लोग डांस फ्लोर पर टूट पड़े। माहौल और गरमा गया जब मीका ने अपना लोकप्रिय गीत “सावन में लग गई आग” सुनाया। हर कोई तालियां बजा-बजाकर और हूटिंग करके उनकी परफॉर्मेंस का लुत्फ उठाता रहा।
लेकिन सबसे खास पल तब आया जब मीका ने ऑडियंस को तोहफा देते हुए कहा, “भोपाल न सोया सारी रात”। यह लाइन सुनकर पूरा क्लब झूम उठा। उन्होंने मंच से भोपाल का जिक्र बार-बार किया और कहा, “आप सब सूरमा भोपाली हो और आज की ये रात आप सबके नाम… लव यू भोपाल!”
क्लब में बना मिनी फेस्टिवल
स्टूडियो X O की ग्लिटरिंग लाइट्स, डीजे NKD का हाई-वोल्टेज म्यूजिक और मीका की आवाज़ ने शो को मिनी फेस्टिवल में बदल दिया। दर्शकों के बीच फैशन-लवर्स और युवाओं की भीड़ ने अपने डांस मूव्स से माहौल और रंगीन बना दिया। देर रात तक चलता यह म्यूजिक नाइट शो भोपाल की नाइट लाइफ की एक यादगार शाम बन गई।
मीका ने एक से बढ़कर एक गाने सुनाए “भोपाल का मौसम बदलेगी” और “लैला तेरी ले लेगी” जैसे हिट नंबरों ने भीड़ का जोश दोगुना कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपना लेटेस्ट ट्रैक “लवर बॉय” पेश किया, जिसे सुनकर युवाओं ने जमकर तालियां बजाईं और डांस किया।
सीएम निवास पहुंचे मीका सिंह
सोमवार को मीका सिंह ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया और मध्यप्रदेश में आने के लिए आभार जताया। मीका ने भी भोपालवासियों की मेहमाननवाज़ी की तारीफ की और कहा कि उन्हें यहां का माहौल बेहद पसंद आया।
आज भोपाल निवास पर प्रसिद्ध गायक श्री @MikaSingh जी ने सौजन्य भेंट की। pic.twitter.com/G3HoyxBW3s
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 8, 2025
भोपालियों के लिए यादगार रात
मीका सिंह का यह शो सिर्फ एक म्यूजिक नाइट नहीं था, बल्कि भोपाल के युवाओं के लिए ऊर्जा और मस्ती से भरी एक ऐसी रात थी, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होगी। उनके गानों पर थिरकती भीड़, चमचमाती रोशनी और हर गाने पर गूंजती तालियां इस बात की गवाही दे रही थीं कि मीका ने इस बार सच में भोपाल की रात को जगा दिया।
भोपाल का यह म्यूजिक नाइट शो उन लोगों के लिए यादगार बन गया जो वहां मौजूद थे और जिन्होंने खुद अपने शहर की धड़कन को मीका सिंह की आवाज में महसूस किया।
