, ,

सतना में खूनी संघर्ष का असर स्कूल तक, हत्या केस में नाम आने पर प्राथमिक शिक्षक निलंबित

Author Picture
Published On: 3 January 2026

सतना जिले में एक आपराधिक मामले का असर शिक्षा विभाग तक पहुंच गया है। उचेहरा विकासखंड के कोलगढ़ी संकुल अंतर्गत आने वाले प्राथमिक विद्यालय नई बस्ती अटरा में पदस्थ शिक्षक रामदुलारे सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उस समय की गई, जब शिक्षक 48 घंटे से अधिक समय तक जेल में बंद रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने नागौद थाने में दर्ज एफआईआर और सेवा नियमों का हवाला देते हुए निलंबन आदेश जारी किया।

पूरा मामला नागौद थाना क्षेत्र के ग्राम अटरा का है, जहां 26 दिसंबर 2025 की रात पुरानी रंजिश अचानक हिंसक टकराव में बदल गई। आरोप है कि द्वारिका प्रसाद पटेल जब अपने घर के बाहर आग ताप रहे थे, तभी 11 लोगों के समूह ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी, रॉड, हथौड़ा और कुल्हाड़ी जैसे हथियारों से किए गए हमले में द्वारिका प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

घायल अवस्था में द्वारिका प्रसाद पटेल को सतना जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बीरेंद्र, नत्थू सिंह और राहुल सिंह समेत अन्य ग्रामीण भी घायल हुए। इस घटना ने पूरे गांव में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। इसी मामले में प्राथमिक शिक्षक रामदुलारे सिंह का नाम भी सामने आया, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई और वे 48 घंटे से अधिक समय तक जेल में रहे।

सेवा नियम बने निलंबन का आधार

शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार, यदि कोई शासकीय कर्मचारी 48 घंटे से अधिक समय तक जेल में रहता है, तो उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा सकता है। इसी प्रावधान के तहत जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर रामदुलारे सिंह को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय रामपुर बाघेलान नियत किया गया है।इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में चर्चा का माहौल है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि शिक्षक का आपराधिक मामले में नाम आना विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए सख्त कदम उठाना जरूरी था।

गांव में अब भी तनाव

इधर, ग्राम अटरा में घटना के बाद अब भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। मामले की जांच आगे भी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp