,

भोपाल से शुरू हुआ पश्चिमी प्रभाव के खिलाफ अभियान, भारतीय संस्कृति की रक्षा का संकल्प

Author Picture
Published On: 19 December 2025

भारतीय संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों को बचाने के उद्देश्य से ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने राजधानी भोपाल से “पश्चिमी सभ्यता के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान” की शुरुआत की। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कमेटी के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पश्चिमी प्रभावों को लेकर चिंता जताई और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन बल्ली ने कहा कि पश्चिमी सभ्यता के नाम पर समाज में जिस तरह की नग्नता और अश्लीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर युवाओं पर पड़ रहा है, जिससे बहन-बेटियों की सुरक्षा और सामाजिक मर्यादाएं खतरे में हैं। ऐसे हालात में चुप रहना सही नहीं है।

देशभर में चलेगा अभियान

शमशुल हसन ने स्पष्ट किया कि यह मुहिम केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगी। भोपाल से शुरू हुआ यह अभियान धीरे-धीरे पूरे देश में फैलाया जाएगा। कमेटी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी विभिन्न शहरों और कस्बों में ऐसे आयोजनों पर नजर रखेंगे, जहां सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन होता है। वक्ताओं ने साफ किया कि इस अभियान का उद्देश्य किसी धर्म, समुदाय या त्योहार का विरोध करना नहीं है। उनका कहना था कि हर त्योहार खुशी और संस्कार का प्रतीक होता है, लेकिन जब उत्सव के नाम पर अशोभनीय प्रस्तुतियां और भड़काऊ नृत्य होने लगें, तो समाज को हस्तक्षेप करना चाहिए।

भारतीय परंपराओं की दिलाई याद

कार्यक्रम में कहा गया कि भारतीय सभ्यता हमेशा संयम, मर्यादा और संस्कारों पर आधारित रही है। यहां के उत्सव लोगों को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा देने का माध्यम रहे हैं, न कि दिखावे और अश्लीलता का। वक्ताओं ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करें। कमेटी ने यह भी साफ किया कि भविष्य में यदि कहीं सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ गतिविधियां सामने आती हैं, तो संगठन शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराएगा। इसके साथ ही प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी, ताकि ऐसे आयोजनों पर रोक लग सके।

इस अवसर पर कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष तनवीर कुरेशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आरिफ खान सहित बड़ी संख्या में सदस्य और आम नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में भारतीय संस्कृति की रक्षा और नई पीढ़ी को सही दिशा देने के लिए इस अभियान को लगातार जारी रखने का संकल्प लिया।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp