,

CM यादव ने कलेक्टर्स-कमिश्नरों को दिए सुशासन और समावेशी विकास के निर्देश, जिले के विकास पर जोर

Author Picture
Published On: 7 October 2025

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में कलेक्टर्स-कमिश्नरों की कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ करते हुए अधिकारियों को प्रदेश के समग्र और समावेशी विकास के लिए सक्रिय और जवाबदेह बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याण और विकास की किरण पहुँचाना है। जनता का विश्वास ही सुशासन की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे हर हाल में बनाए रखना प्रशासन का कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक और शीघ्रता से जनता तक पहुँचाएं। इसके लिए शासन व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और विकेंद्रीकृत बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिलों में तैनात अधिकारी नवाचार और दक्षता के माध्यम से अपनी पहचान बनाएं और स्थानीय जनता, मीडिया व जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखें।

विकास पर जोर

डॉ. यादव ने अधिकारियों को कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई परियोजनाओं में सुधार और नवाचार पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश दाल, मसाले और टमाटर उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है। गेहूं, मक्का और मिर्च उत्पादन में दूसरे और दुग्ध उत्पादन में चौथे स्थान पर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सिंचित रकबा बढ़ाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सतत प्रयास करें।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा पर भी जोर दिया और कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्य अनुसार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुख शिक्षा मिलनी चाहिए। इसके लिए शालाओं में नामांकन बढ़ाना और साक्षरता सुनिश्चित करना जरूरी है।

शासन की योजना

डॉ. यादव ने अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्टों की निगरानी करें और शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कलेक्टर्स से सिंहस्थ-2028 में धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर ध्यान देने और प्रदेश की पर्यटन क्षमता बढ़ाने का निर्देश भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अधिकारी-कार्मिक मिलकर टीम वर्क और नवाचार के माध्यम से सुशासन और ग्रेट रिजल्ट की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में सकारात्मक कार्य करेंगे और जनता को वास्तविक लाभ पहुंचाने में जुटेंगे। कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव अनुराग जैन और अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन संजय कुमार शुक्ल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp