भोपाल | भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। उन्होंने ठाकरे की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर उन्होंने ठाकरे की तुलना भगवान श्रीकृष्ण से करते हुए कहा कि जिस तरह कृष्ण ने संघर्ष कर अन्याय का अंत किया, उसी प्रकार ठाकरे जी ने लोगों को खड़ा किया और उनके जीवन को दिशा दी।
मुख्यमंत्री ने ठाकरे सभागार से प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन संघर्ष, विद्रोह और सत्याग्रह का प्रतीक रहा है, जो हमेशा समाज को प्रेरणा देता रहेगा।
‘हम जैसे कार्यकर्ताओं को तैयार करने में कई पीढ़ियां लगीं’
अपने संबोधन में डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा और संघ की सौ साल की यात्रा बलिदानों से भरी रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी तक पहुंचाने में प्रचारकों की कई पीढ़ियां समर्पित हो जाती हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे असंख्य कार्यकर्ताओं का त्याग है।
अटल स्मृति पर पुष्पांजलि
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शौर्य स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, सांसद आलोक शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, महापौर मालती राय सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
