भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में रविवार को आयोजित मध्य प्रदेश एक्सीलेंस अवॉर्ड में प्रदेशभर की प्रतिभाशाली महिलाओं, क्रिएटर्स और उद्यमियों को सम्मानित किया। सीएम डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर घोषणा की कि लाड़ली बहना योजना के तहत नवंबर महीने से बहनों को Rs 1500 दिए जाएंगे। उन्होंने कहा, “यह राशि धीरे-धीरे और बढ़ेगी। जो बहनें रोजगार के लिए आगे आएंगी, उन्हें रेडिमेड गारमेंट सहित अन्य उद्योगों से जोड़कर योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।”
सीएम ने कहा कि बहनों को सशक्त बनाना सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की उस परंपरा को मजबूत करना है, जहां मातृशक्ति को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा, “अगर बहनों के हाथ में ताकत देंगे, तो यह हमारी प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करने जैसा होगा। मातृसत्ता से जुड़ने का कार्य केवल हमारा देश करता है।”
रचा इतिहास
मुख्यमंत्री ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बहुओं रिद्धि और अमानत का मंच से स्वागत किया। उन्होंने कहा, “हमारी दो बहुएं आज इस कार्यक्रम में मौजूद हैं, मैं उनका हार्दिक अभिनंदन करता हूं।” इतिहास की वीरांगनाओं का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती हमेशा से महिलाओं की वीरता का प्रतीक रही है। रानी दुर्गावती ने मुगलों से 52 युद्ध लड़े, गौंड रानी कमलापति ने गौरवशाली इतिहास रचा, और झांसी की रानी लक्ष्मीबाई आज भी हमारे लिए प्रेरणा हैं।”
महिलाएं सक्रिय
सीएम ने बताया कि प्रदेश के 47% स्टार्टअप में महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी बहनें अब जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बन रही हैं। राज्य सरकार रोजगार आधारित इंडस्ट्री में काम करने वाली महिलाओं को Rs 5000 महीना प्रोत्साहन राशि दे रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 5 लाख से अधिक महिला समूहों में 62 लाख बहनें काम कर रही हैं। “लखपति बहना योजना के तहत एक लाख बहनें आत्मनिर्भर बनी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं के विकास के लिए निरंतर काम किया है।”
कांग्रेस पर निशाना
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम बोले, “कांग्रेस सरकार ने कभी बहनों के लिए दरवाजे नहीं खोले। अब समय बदल गया है। पहले महिलाएं स्थानीय चुनावों में 50% तक भागीदारी निभाती थीं, अब विधानसभा और लोकसभा में 33% आरक्षण से वे देश को गौरवान्वित करेंगी।” कार्यक्रम का आयोजन भोपाल वुमेंस हब की ओर से किया गया था। मंच पर विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, भाजपा शहर अध्यक्ष रविन्द्र यती और प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल मौजूद रहे। इस मौके पर सभागार में मौजूद महिलाओं ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर तालियां बजाकर उत्साह जताया।
