,

गांधी जयंती पर ग्राम सभाओं में शामिल हुए कलेक्टर, भावांतर योजना और अन्य शासकीय योजनाओं की दी जानकारी

Author Picture
Published On: 2 October 2025

गांधी जयंती के मौके पर भोपाल में आयोजित ग्राम सभाओं में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह भी शामिल हुए। वे गुरुवार को आदमपुर छावनी सहित दो गांवों में पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने किसानों और आम नागरिकों को भावांतर योजना सहित सरकार की कई योजनाओं की जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम सभाएं गांवों में विकास और जनकल्याण की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुँचाने का सबसे अच्छा माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि जिले की 222 ग्राम पंचायतों में गांधी जयंती पर ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि पहली बार इन सभाओं में दशहरा मिलन समारोह भी मनाया गया। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर को भी जिले के हर गांव में ग्राम सभाएं होंगी, जहां ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

ग्राम सभाओं में अलग-अलग विभागों ने अपनी योजनाओं का ब्योरा दिया। वन विभाग ने पांच साल पूरे कर चुकी समितियों के पुनर्गठन पर चर्चा की। खाद्य विभाग ने राशन वितरण और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। पंचायत विभाग की ओर से अटल ई-सेवा केंद्र, ई-कोर्ट, श्मशान स्थलों के सुधार और प्रधानमंत्री आवास योजना पर जानकारी साझा की गई।

इन मुद्दों पर हुई चर्चा

महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। लखपति दीदी पहल के अंतर्गत इस साल जो महिलाएं इस श्रेणी में आई हैं, उनकी सूची भी पढ़कर सुनाई गई। वहीं, सामाजिक न्याय विभाग ने नशामुक्त भारत अभियान और दिव्यांगजनों के अधिकारों पर प्रकाश डाला। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के जरिए उपलब्ध 12 स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही पैथोलॉजी जांच, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य समितियों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।

विसर्जन घाटों का निरीक्षण

ग्राम सभाओं के बाद कलेक्टर सिंह हथाई खेड़ा स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन का काम शांति और सुरक्षित तरीके से हो। कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस और नगर निगम की टीमों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन घाटों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और स्वच्छता की सभी व्यवस्थाएं पुख्ता की जाएं।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp