भोपाल | राजधानी भोपाल में आज जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में था। कांग्रेस का आरोप है कि फर्जी वोटों और विशेष मतदाता सूची संशोधन के नाम पर गरीब और आदिवासी मतदाताओं के नाम जानबूझकर काटे जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी और विपक्षी दलों के प्रतिनिधि निर्वाचन आयोग तक पैदल मार्च करने निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया।
पुतला दहन
इस घटना से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुतला दहन किया। मौके पर माहौल गरम था और पार्टी कार्यकर्ता लोकतंत्र बचाओ और फर्जी वोटिंग बंद करो के नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन में मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भोपाल ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अनोखी पटेल, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल, भोपाल महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सिंह कंसाना, प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता, रवि सक्सेना, प्रवीण धौलपुरे, कुंदन पंजाबी, संगीता शर्मा, अवनीश बुंदेला, अभिनव बरोलिया, विवेक त्रिपाठी, राहुल राज, शहरयार खान, रवि वर्मा, वरिष्ठ नेता अब्दुल नासिर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अधिकारों का हनन
प्रदर्शन में बोलते हुए मुकेश नायक ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोट चोरी करके सरकार बनाई है और अब सच उजागर करने वालों पर कार्रवाई कर रही है। नायक के अनुसार, निर्वाचन आयोग को फर्जी वोटिंग के सबूत सौंपे गए थे, लेकिन जांच की जगह राहुल गांधी को गिरफ्तार कर दिया गया।
दी चेतावनी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि राहुल गांधी ने यह दिखा दिया है कि भाजपा किस तरह वोट चोरी कर रही है। एक व्यक्ति का नाम दर्जनों जगहों पर जोड़ा गया है और कई राज्यों की सूचियों में भी दोहराया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह खेल नहीं रोका गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
