, ,

विजयवर्गीय की ‘जुबान’ पर कांग्रेस का गंगाजल शुद्धिकरण, भोपाल में विरोध प्रदर्शन

Author Picture
Published On: 26 September 2025

नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान को लेकर कांग्रेस ने भोपाल में अनोखा प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने विजयवर्गीय के बंगले का घेराव किया और उनकी अमर्यादित वाणी के प्रतीक स्वरूप आदमकद पुतले की दो फुट लंबी जुबान का गंगाजल से शुद्धिकरण किया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मंत्री का पद जनता की सेवा और भलाई के लिए होता है, लेकिन विजयवर्गीय का हर बयान महिलाओं और समाज के पवित्र रिश्तों का अपमान करता है। कांग्रेस नेताओं ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि शायद गंगाजल से जुबान धोने के बाद अब उनके मुंह से भलाई और जनता के हित की बातें निकलेंगी।

महिलाओं की बड़ी भागीदारी

विशेष रूप से नवरात्रि के अवसर पर माताओं, बहनों और बेटियों ने बड़ी संख्या में इस विरोध में हिस्सा लिया। महिलाओं ने कहा कि भाई-बहन जैसे पवित्र रिश्तों पर टिप्पणी कर विजयवर्गीय ने हर हिंदुस्तानी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। नवरात्रि शक्ति की पूजा और नारी सम्मान का पर्व है, और ऐसे मौके पर इस तरह का बयान अस्वीकार्य है।

कांग्रेस नेताओं की भारी मौजूदगी

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव संजीव सक्सेना, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना, युवा कांग्रेस कार्यवाहक जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजन और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि विजयवर्गीय की जुबान को अब जनता ही जवाब देगी।

कांग्रेस का संदेश

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि यह विरोध केवल एक मंत्री के बयान के खिलाफ नहीं, बल्कि उस सोच के खिलाफ है जो महिलाओं का अपमान करती है। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों के सम्मान की रक्षा कांग्रेस की जिम्मेदारी है और आगे भी ऐसे विरोध जारी रहेंगे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp