मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, भोपाल में आयोजित की गई। इस बैठक में जिला प्रभारी और विधानसभा प्रभारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य था संगठन को और मज़बूत करना और “वोट चोर, गद्दी छोड़” राष्ट्रव्यापी अभियान को ज़मीन पर उतारने की रणनीति तैयार करना।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, “यह अभियान जनता की आवाज है, जो अब आंदोलन का रूप लेगा। हर जिले और हर बूथ पर कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर इसे मजबूत करेंगे।”
पटवारी ने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर और सक्रिय बनाना ज़रूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने और लोगों से सीधे संवाद बनाए रखने की अपील की।
हरीश चौधरी ने कहा
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक अभियान नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की अस्मिता बचाने की लड़ाई है। हर कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाए और जनता को बताए कि लोकतंत्र की रक्षा का समय अब आ गया है।
आगामी रणनीति
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त, रणविजय सिंह लोचव, और महामंत्री संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले मौजूद रहे।
आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्री हरीश चौधरी जी (वर्चुअल उपस्थिति) एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी ने “राष्ट्रव्यापी वोट चोर, गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान एवं मतदाता सूची के विशेष गहन परीक्षण (SIR) के तहत विधानसभा प्रभारियों के साथ… pic.twitter.com/YEIoKfRP4d
— MP Congress (@INCMP) October 9, 2025
नेताओं ने जिलों और विधानसभा स्तर पर अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की। तय हुआ कि हर जिले में पदयात्रा, हस्ताक्षर अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जोश में कार्यकर्ता
बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान को राज्य के हर कोने तक पहुंचाया जाएगा। आने वाले दिनों में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से हस्ताक्षर कराएंगे और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
फोकस
बैठक के अंत में प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि पार्टी अब जनता के बीच सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराएगी। आने वाले महीनों में यह अभियान मध्य प्रदेश में कांग्रेस की एकजुटता और जनसंपर्क का बड़ा जरिया बनेगा।