भोपाल | राजधानी भोपाल में बढ़ते नशे के जाल और हाल ही में सामने आए एमडी ड्रग्स के बड़े खुलासे के खिलाफ शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। रोशनपुरा चौराहे पर कांग्रेसजनों ने “ड्रग्स हटाओ, भोपाल बचाओ” के नारे लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
पीठ पर सत्ता का हाथ
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने किया। उन्होंने कहा कि भोपाल, जो कभी सांस्कृतिक और शांति प्रिय शहर के रूप में जाना जाता था, अब धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में आता जा रहा है। हाल ही में पकड़ी गई भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स यह साबित करता है कि प्रदेश में ड्रग्स माफिया बेलगाम हो चुके हैं और इनकी पीठ पर सत्ता का हाथ है।
आंख मूंदे बैठी सरकार
सक्सेना ने आरोप लगाया कि ड्रग्स की सप्लाई कोई नया मामला नहीं है, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है। युवा वर्ग को बर्बाद करने वाले माफिया खुला घूम रहे हैं। पुलिस और प्रशासन पर सरकार का दबाव है, जिसके कारण ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस राजधानी से लेकर विधानसभा तक संघर्ष छेड़ेगी।
“ड्रग्स मुक्त भोपाल चाहिए”,
“भाजपा सरकार होश में आओ”,
“नशे का कारोबार बंद करो”,
“युवाओं को बर्बादी से बचाओ”।
सरकार से मांगा जवाब
प्रदर्शन में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, लोकसभा प्रत्याशी रह चुके अरुण श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव गुड्डू चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कसाना, युवा कांग्रेस जिला प्रभारी अभिषेक शर्मा और एनएसयूआई अध्यक्ष अक्षय तोमर ने एक स्वर में सरकार से जवाब मांगा।
कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी और नारों से गूंजते माहौल ने यह साफ कर दिया कि राजधानी में नशे के खिलाफ जनाक्रोश उभर रहा है और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में है।
