मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP बोर्ड) ने डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) के फर्स्ट और सेकेंड ईयर के छात्रों के लिए बड़ी जानकारी जारी की है। बोर्ड ने द्वितीय अवसर (सेकंड चांस) परीक्षाओं का टाइम टेबल घोषित कर दिया है। इस बार परीक्षाएं 19 नवंबर 2025 से शुरू होंगी। मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि चाहे बीच में कोई सार्वजनिक या स्थायी अवकाश क्यों न आए, परीक्षाएं तय तारीख पर ही आयोजित की जाएंगी। यानी अब छुट्टियों का कोई बहाना नहीं चलेगा।
जारी शेड्यूल के मुताबिक, फर्स्ट ईयर डीएलएड की परीक्षाएं 29 नवंबर तक चलेंगी, जबकि सेकेंड ईयर की परीक्षाएं 27 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। मंडल ने सभी परीक्षा केंद्रों को इस संबंध में निर्देश भी भेज दिए हैं कि वे तैयारी समय से पूरी करें और विद्यार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
तैयारी में जुटे परीक्षार्थी
यह परीक्षा उन छात्रों के लिए खास मौका है जो किसी कारणवश पिछली बार पेपर में शामिल नहीं हो पाए थे या पास नहीं हो सके थे। द्वितीय अवसर परीक्षा में उन्हें एक बार फिर पास होने का अवसर दिया गया है। कई छात्र अब पूरी मेहनत से तैयारी में जुट गए हैं। कुछ छात्रों का कहना है कि इस बार वे कोई चांस नहीं छोड़ना चाहते, क्योंकि डीएलएड पास करने के बाद ही वे शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में भाग ले सकते हैं।
मंडल ने केंद्रों को दिए निर्देश
- एमपी बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों को यह भी कहा है कि समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, चाहे वह सीटिंग अरेंजमेंट हो, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा या उत्तर पुस्तिकाओं की निगरानी।
- साथ ही परीक्षार्थियों को यह सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड समय रहते डाउनलोड कर लें और परीक्षा के दिन कम से कम आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।
- इस बार मंडल ने साफ कह दिया है कि अगर परीक्षा के दौरान कोई त्यौहार या सरकारी अवकाश पड़ता है, तब भी पेपर तय समय पर ही होगा। इस बार डीएलएड का टाइम टेबल “फाइनल” है और इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
