, ,

पचोर में विकास कार्यों का शुभारंभ, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किए करोड़ों के काम, विधायक की जुबान फिसलने से मचा विवाद

Author Picture
Published On: 4 September 2025

MP के राजगढ़ के पचोर में गुरुवार को प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का भव्य स्वागत हुआ। दोपहर करीब 1:30 बजे शहर पहुंचने पर मंत्री ने एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसमें 100 से अधिक संस्थाओं और परिवारों ने उन पर पुष्पवर्षा कर आतिशबाजी के साथ स्वागत किया। इस दौरान पूरा शहर उत्साह से सराबोर नजर आया।

मंच पर आयोजित कार्यक्रम में कन्या पूजन और संत सम्मान के बाद विजयवर्गीय ने 12.73 करोड़ की लागत से 11 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें नगरपालिका कार्यालय भवन, वार्डों में सीसी रोड व नालियों का निर्माण, मंगल भवन, सामुदायिक भवन और नगर भर में सीसीटीवी कैमरे लगाने जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा मंत्री ने लगभग 3 करोड़ की लागत से बने छह कार्यों का लोकार्पण भी किया, जिनमें सामुदायिक भवन और डामरीकरण के साथ सीसी रोड निर्माण शामिल है।

विधायक की जुबान फिसली

कार्यक्रम के बीच सारंगपुर विधायक गौतम टेटवाल की जुबान दो बार फिसल गई। पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन करते हुए उन्हें “डॉक्टर” कह दिया। इसके बाद मंत्री विजयवर्गीय की तारीफ करते हुए उन्हें “शोषित, पीड़ित और वंचित समाज का संहारक” कह डाला। विधायक की इस भूल पर मंच पर बैठे अन्य नेताओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।

दो किसानों की जेब कटी

भव्य आयोजन के बीच रोड शो में भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने हाथ साफ कर दिए। बोड़ा निवासी किसान चंदर सिंह राजपूत और पचोर निवासी दुर्गा प्रसाद राजौरे की जेब से कुल 1 लाख रुपए गायब हो गए। दोनों ने थाने में 50-50 हजार रुपए चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है।

हजारों लोगों की मौजूदगी

इस अवसर पर सांसद रोडमल नागर, जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, मंत्री नारायण सिंह पंवार, विधायक हजारीलाल दांगी, विधायक अमर सिंह यादव समेत कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक नागरिक और बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp