, , ,

रीवा से दिल्ली के लिए उड़ान कल से शुरू, विंध्य के आसमान में विकास की नई उड़ान

Author Picture
Published On: 9 November 2025

विंध्यवासियों के लंबे इंतजार को अब पंख लगने वाले हैं। रीवा के नव निर्मित एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा कल, 10 नवंबर से शुरू हो रही है। यह उड़ान अलायंस एयर द्वारा संचालित की जाएगी और शुरुआती चरण में सप्ताह में तीन दिन यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी। दो घंटे की यह यात्रा विंध्य क्षेत्र को राजधानी दिल्ली से सीधे जोड़ देगी। एयरपोर्ट से उड़ान की शुरुआत विंध्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। अब तक सड़क या रेल मार्ग से लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों के लिए यह हवाई सुविधा राहत लेकर आई है। 72 सीटर एटीआर-72 विमान अब रीवा के लोगों को सीधे दिल्ली पहुंचाएगा, जिससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने हवाई सेवा की तैयारियों की समीक्षा की और इसे “विंध्य के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक कदम” बताया। उन्होंने कहा, “यह एयरपोर्ट सिर्फ एक संरचना नहीं, बल्कि विंध्य क्षेत्र की आकांक्षाओं को उड़ान देने वाला माध्यम है। दिल्ली से सीधा संपर्क बनने से रोजगार, निवेश और पर्यटन की संभावनाएं कई गुना बढ़ जाएंगी।”

मुख्यमंत्री होंगे शामिल

रीवा से दिल्ली के लिए इस सेवा का शुभारंभ मुख्यमंत्री मोहन यादव के हाथों होगा। कार्यक्रम का आयोजन रीवा एयरपोर्ट पर सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जहां से दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री अलायंस एयर के विमान को रवाना करेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।

इंदौर के लिए भी जल्द उड़ान

राजेन्द्र शुक्ल ने यह भी जानकारी दी कि रीवा से इंदौर के लिए उड़ान सेवा की तैयारी अंतिम चरण में है। इससे रीवा से देश के अन्य प्रमुख शहरों तक हवाई संपर्क स्थापित होगा। इंदौर के माध्यम से यात्रियों को देशभर के एयरपोर्ट तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

दिल्ली सेवा की शुरुआत न केवल हवाई संपर्क का विस्तार है, बल्कि यह विंध्य क्षेत्र की नई पहचान भी बनने जा रही है। स्थानीय लोगों में उत्साह है, क्योंकि वर्षों से जिस सपने को वे संजोए हुए थे, वह अब साकार होने जा रहा है। रीवा एयरपोर्ट से उड़ान भरता यह विमान दरअसल विकास, आत्मनिर्भरता और नई संभावनाओं की उड़ान का प्रतीक बन गया है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp