भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1700 किलो से ज्यादा मावा और पनीर जप्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर की गई। टीम को सूचना मिली थी कि शहर की एक डेरी में बड़ी मात्रा में संदिग्ध मावा जमा किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने द्वारका नगर स्थित कृष्णा डेरी एंड स्वीट्स पर छापा मारा। जांच के दौरान डेरी में 1510 किलो मावा और करीब 200 किलो पनीर संदिग्ध पाया गया। टीम ने तुरंत इन सभी को जप्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह मावा ग्वालियर और धौलपुर से लाया गया था।
मिला संदिग्ध मावा
इसी तरह मंगलवारा इलाके के महेंद्र मावा भंडार से भी वितरण के लिए ले जाए जा रहे 149 किलो मावे को टीम ने रोक लिया। यहां से भी मावे का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई त्योहारों के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए की जा रही है।
आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिया गया है। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि मावा और पनीर मिलावटी हैं या नहीं। रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोगों से की अपील
त्योहारों के समय मावा और मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी उत्पादों के चलन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने शहर में निगरानी बढ़ा दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नियमित रूप से डेरी, मिठाई दुकान और थोक विक्रेताओं की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता पर ध्यान दें और संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत खाद्य विभाग या नजदीकी थाने को दें।
