भोपाल | राजधानी भोपाल की सड़कों पर इस बार सिर्फ स्पीड नहीं, बल्कि जागरूकता की भी गूंज सुनाई देगी। 30 जुलाई को भोपाल के विंग्गस फ्लाई हाई क्लब में पहली बार एक ऐसा स्टंट शो होने जा रहा है, जिसमें रोमांच, रफ्तार और जिम्मेदारी तीनों का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। इस शो का आयोजन “भोपाल स्टंट स्कूल” कर रहा है, और मकसद सिर्फ दर्शकों को हैरान करना नहीं, बल्कि युवाओं को सड़क सुरक्षा का गंभीर संदेश देना भी है।
इस इवेंट में देश के नामी स्टंट राइडर्स बाइक से वो कारनामे दिखाएंगे, जिन्हें देखकर आप दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे। लेकिन सबसे खास बात ये है कि ये राइडर्स हर ट्रिक के साथ यह भी बताएंगे कि स्टंट सिर्फ ट्रेनिंग और सेफ्टी गियर के साथ ही किया जाना चाहिए, वरना यह रोमांच मौत का खेल बन सकता है।
स्टंट की दुनिया
इवेंट में तीन ऐसे राइडर्स शिरकत करेंगे, जिनका नाम स्टंट की दुनिया में किसी ब्रांड से कम नहीं है।
- सैयद आदिल काजमी – MTV स्टंट मैनिया के सुपरस्टार और इंटरनेशनल फ्रीस्टाइल राइडर। उनकी बाइक हवा में बातें करती है।
- बाबर – टेक्निकल स्टंट्स के उस्ताद, जो सिर्फ स्टंट ही नहीं करते, बल्कि युवाओं को मोटिवेशन भी देते हैं।
- अकबर – ट्रिक कंट्रोल के मास्टर और सेफ राइडिंग को लेकर बेहद सजग।
ये तीनों राइडर्स स्टंट मेनिया जैसे बड़े शोज़ के लेजेंड रह चुके हैं। अब देशभर में वे रोड सेफ्टी को लेकर जागरूकता फैलाने का काम कर रहे हैं।
क्या रहेगा खास?
- बाइक पर बैकफ्लिप, स्टैंडिंग व्हीली, बर्नआउट जैसी स्टंट्स लाइव देखने को मिलेंगे।
- युवाओं के लिए सेफ राइडिंग पर रियल स्टोरीज और टिप्स।
- हेलमेट और राइडिंग गियर के महत्व पर जोर।
यह शो 30 जुलाई को दोपहर 3 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। स्टंट लवर्स के लिए यह मौका किसी त्योहार से कम नहीं है, लेकिन आयोजकों का मकसद सिर्फ एड्रेनालिन बूस्ट नहीं, बल्कि युवाओं के बीच रोड सेफ्टी को लेकर सोच बदलना भी है।
