,

तालाब के ऊपर मौत से खेल, भोपाल VIP रोड पर स्टंट, Video वायरल

Author Picture
Published On: 28 December 2025

भोपाल की VIP रोड से सामने आए एक वायरल वीडियो ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक युवक सड़क किनारे लगी रेलिंग से लटककर स्टंट करता नजर आ रहा है। रेलिंग के ठीक नीचे शहर की पहचान बड़ा तालाब है। एक पल की चूक सीधे जानलेवा साबित हो सकती थी, लेकिन युवक बेखौफ अंदाज में जोखिम उठा रहा था।स्टंट के दौरान वहां मौजूद कुछ लोग युवक को रोकने के बजाय मोबाइल कैमरे से वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि किसी ने भी उसे समझाने या नीचे उतरने के लिए कहने की कोशिश नहीं की। मौके पर मौजूद भीड़ मानो हादसे का इंतजार कर रही हो।

वीडियो सामने आने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। तलैया थाने के टीआई दीपक डहरिया का कहना है कि वीडियो में दिख रहा स्थान उनके थाना क्षेत्र में नहीं आता। उनके मुताबिक यह इलाका कोहेफिजा थाना क्षेत्र का है, इसलिए कार्रवाई वहीं से होनी चाहिए।

कोहेफिजा पुलिस को नहीं जानकारी

दूसरी ओर कोहेफिजा थाने की पुलिस का कहना है कि उन्हें इस वायरल वीडियो की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। पुलिस के अनुसार न तो उन्हें कोई शिकायत मिली है और न ही वीडियो के आधार पर कोई केस दर्ज किया गया है। हालांकि यह जरूर कहा गया है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। यह पहला मामला नहीं है जब वीआईपी रोड पर इस तरह की लापरवाही सामने आई हो। इसी साल फरवरी में चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दो युवकों के बीच खड़ी एक युवती तेज रफ्तार बाइक पर डांस करती नजर आई थी।

डांस, फ्लाइंग किस और बदसलूकी

उस वायरल वीडियो में युवती राह चलते लोगों को फ्लाइंग किस देती दिखी थी। इतना ही नहीं, जब किसी ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई तो साथ चल रहे युवकों ने राहगीरों के साथ अभद्रता भी की थी। इस हरकत ने पुलिस को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया था। वीडियो वायरल होते ही तत्कालीन पुलिस उपायुक्त (जोन-03) रियाज इकबाल ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोहेफिजा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चालक रितिक यदुवंशी और सुमित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा। बाइक जब्त की गई और लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई।

ताजा स्टंट वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या किसी बड़ी घटना के बाद ही प्रशासन जागेगा। जब तक शिकायत नहीं, तब तक कार्रवाई नहीं—इस रवैये के बीच वीआईपी रोड पर जोखिम भरे स्टंट जारी हैं और कानून की नजर अब भी वीडियो ढूंढती नजर आ रही है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp