,

रक्षाबंधन पर बहनों को तोहफा, लेकिन कीमत भारी; एक और 4300 करोड़ के कर्ज की तैयारी में MP सरकार

Author Picture
Published On: 27 July 2025

भोपाल | MP की मोहन सरकार रक्षाबंधन के खास मौके पर लाड़ली बहनों को अतिरिक्त 250 रुपए देने के लिए एक बार फिर कर्ज के सहारे आगे बढ़ रही है। इस बार राज्य सरकार रिजर्व बैंक के जरिए 4300 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है, जो जुलाई महीने में दूसरा बड़ा कर्ज होगा। इससे पहले 8 जुलाई को सरकार ने 4800 करोड़ रुपए का कर्ज उठाया था। इस तरह अकेले जुलाई महीने में कुल कर्ज का आंकड़ा 9100 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।

4300 करोड़ का नया कर्ज

सूत्रों के अनुसार, मोहन सरकार 29 जुलाई को दो चरणों में 4300 करोड़ रुपए की गवर्नमेंट सिक्योरिटीज़ की नीलामी कराएगी। 30 जुलाई को यह रकम सरकार के पास पहुंच जाएगी। ये कर्ज 17 और 23 वर्षों की अवधि वाले होंगे। इन्हें आरबीआई के माध्यम से उठाया जाएगा और साल में दो बार ब्याज भुगतान (कूपन रेट) करना होगा।

वित्तीय साल में अब तक 8 कर्ज

2025-26 के चालू वित्त वर्ष में यह सातवां और आठवां कर्ज होगा, जिससे मौजूदा वित्तीय वर्ष में सरकार द्वारा लिए गए कर्ज की कुल राशि बढ़कर 18600 करोड़ रुपए हो जाएगी। इससे पहले मई, जून और जुलाई में सरकार पहले ही सात कर्ज ले चुकी है। अब राज्य का कुल ऋण भार बढ़कर 4.40 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच जाएगा।

लाड़ली बहनों के लिए 317 करोड़ अतिरिक्त

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हाल ही में घोषणा की थी कि 9 अगस्त को रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को नियमित 1000 रुपए के अलावा 250 रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। इससे सरकार पर हर महीने लगने वाले 1543 करोड़ के खर्च के अलावा इस बार 317.50 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार आएगा। यह राशि अगस्त के पहले सप्ताह में ट्रांसफर की जानी है।

रेवेन्यू सरप्लस का दावा

सरकार का दावा है कि 2023-24 में प्रदेश 12487 करोड़ रुपए के रेवेन्यू सरप्लस में रहा, जबकि 2024-25 में भी अनुमानित सरप्लस 1025 करोड़ रुपए बताया गया है। इसके बावजूद लगातार कर्ज लेना राज्य की वित्तीय स्थिरता पर सवाल खड़े करता है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp