सतना शहर में राजनीतिक रसूख और दबंगई का एक नया मामला सामने आया है। यहां एक व्यापारी ने बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद के दावेदार हिमांशु सिंह और उसके समर्थकों पर अपहरण की कोशिश, धमकी और जबरन जमीन हथियाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित व्यापारी संजू गर्ग का कहना है कि विवादित जमीन को लेकर कई दिनों से उसे धमकियां दी जा रही थीं। बीती शाम हिमांशु सिंह कुछ लोगों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचा और जान से मारने की धमकी देते हुए उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। व्यापारी ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक, विवाद सतना के खेरमाई रोड की एक जमीन से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि हिमांशु सिंह इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश में था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी खुद को बीजेपी से जुड़ा बड़ा नेता बताकर शासन-प्रशासन तक पहुंच का डर दिखाता है।
विवादित जमीन
पीड़ित का कहना है कि आरोपी खुद को गुजरात के किसी बड़े नेता का करीबी बताकर जिले में प्रभाव जमाने की कोशिश कर रहा है और इसी के दम पर कई विवादित जमीन सौदों में दखल देता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हिमांशु सिंह का नाम अब शहर के भू-माफियाओं की लिस्ट में शामिल किया जाने लगा है। बताया जा रहा है कि उसने पिछले कुछ महीनों में कई जमीन विवादों में “मध्यस्थ” बनकर फायदा उठाया और कई बार जबरन कब्जा करने की कोशिशें भी कीं। लोगों का कहना है कि हिमांशु अब बीजेपी के कुछ जिला नेताओं के करीबी होने का फायदा उठाकर खुद को “अछूत” समझने लगा है।
पुलिस में दी शिकायत
पीड़ित व्यापारी संजू गर्ग ने इस मामले की लिखित शिकायत सतना पुलिस को दी है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने अपने समर्थकों के साथ दुकान में घुसकर उसे धमकाया और गाड़ी में डालने की कोशिश की। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी कह रहे हैं कि सबूतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद शहर में राजनीतिक दबंगई और गुंडागर्दी को लेकर चर्चा तेज है। व्यापारी संघ और स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पद का दुरुपयोग करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
