विदिशा जिले की आदर्श ग्राम पंचायत कागपुर शनिवार को बड़े विकास कार्यक्रमों का गवाह बनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां पहुंचे और 39.80 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत 137 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मंच से सीएम ने साफ संदेश दिया सरकार “सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास” की भावना के साथ काम कर रही है और किसी भी क्षेत्र में संसाधनों की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि शमशाबाद विधानसभा में 34.05 करोड़ रुपए की लागत से 135 नए सामुदायिक भवन स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही कागपुर (कनारी) से विदिशा-अशोकनगर मार्ग के निर्माण का भूमिपूजन भी किया गया। वहीं कागपुर में 5.75 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नए हाट बाजार का लोकार्पण किया गया, जिससे स्थानीय व्यापार को बड़ा फायदा होने की उम्मीद है।
सरकार का लक्ष्य
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने जल संरक्षण से लेकर सिंचाई परियोजनाओं तक कई महत्वपूर्ण विषयों पर बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर खेत और हर गांव तक पानी पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि वर्ष 2026 तक प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में श्मशान घाट तक पक्की सड़क बनाई जाएगी। इसके साथ ही प्रकाश, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी। सीएम मोहन यादव ने किसानों के लिए चल रही योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि, भावांतर योजना और समर्थन मूल्य की बेहतर व्यवस्था ने किसानों की आमदनी बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महिलाओं के उत्थान का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब महिलाओं को हर माह 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है।
LIVE: ग्राम पंचायत कागपुर, जिला विदिशा में आदर्श ग्राम पंचायत अंतर्गत ₹39.80 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
https://t.co/5upUHYdPOM— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 21, 2025
लखपति दीदियों
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने योजनाओं के लाभान्वित किसानों, पशुपालकों और आजीविका मिशन से जुड़ी ‘लखपति दीदियों’ से सीधा संवाद किया। महिलाओं ने बताया कि मिशन से जुड़कर उनकी सालाना आय एक लाख रुपये तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने कागपुर उद्यान और तालाब का निरीक्षण किया और विदेशी पक्षियों के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने आम का पौधा भी रोपा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंच पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, सांसद लता वानखेड़े, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया।
