भोपाल | स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भोपाल इस बार रोमांच और रफ्तार का अनोखा संगम देखने जा रहा है। 15 अगस्त को शहर में ‘इंडिपेंडेंस इग्निशन 2025’ का आयोजन होगा, जिसमें करोड़ों की कीमत वाली सुपरकार्स, वर्ल्ड वार-2 की दुर्लभ जीपें, दमदार सुपरबाइक्स और देश के बेहतरीन स्टंट राइडर्स एक ही मंच पर नजर आएंगे।
स्टंट का मज़ा
इस भव्य कार्यक्रम की खास बात यह है कि स्टंट केवल बाइक्स पर होंगे, जबकि अन्य सभी वाहन शोकेस के लिए प्रदर्शित किए जाएंगे। भोपाल स्टंट स्कूल, भोपाल जीप ग्रुप और भोपाल सुपर कार्स क्लब द्वारा आयोजित इस इवेंट का मकसद साफ है—दर्शकों को यह संदेश देना कि स्टंट का रोमांच केवल सुरक्षित और नियंत्रित माहौल में ही लिया जाना चाहिए।
विंटेज का आकर्षण
वाहन प्रेमियों के लिए यहां कई खास झलकियां होंगी। विंटेज सेक्शन में आठ क्लासिक कारें शामिल हैं, जिनमें वर्ल्ड वार-2 में इस्तेमाल हुई विलीज और फोर्ड जीप सबसे बड़ी आकर्षण होंगी। वहीं सुपरकार्स की कतार में मर्सिडीज AMG, पोर्शे, संभावित रोल्स-रॉयस और अन्य हाई-परफॉर्मेंस मॉडल शामिल रहेंगे। आयोजन में करीब दो करोड़ की कीमत वाली “सरप्राइज कार्स” भी पहली बार भोपाल की सड़कों पर दिखेंगी।
सुपरबाइक्स का जलवा
सुपरबाइक सेगमेंट में कावासाकी निंजा ZX-10R, सुजुकी हायाबूसा, BMW S 1000 RR, कावासाकी Z900 और दो शानदार चॉपर बाइक्स शामिल होंगी। स्टंट शो में प्रोफेशनल स्टंट बाइक्स और KTM MTB साइकिल के छह एथलीट BMX-स्टाइल करतब पेश करेंगे, जो दर्शकों की धड़कनें तेज कर देंगे।
रूट और समय
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे लिंक रोड-1 से होगी। यह काफिला लिंक रोड होते हुए मिनाल शॉपिंग स्ट्रीट और वॉकिंग स्ट्रीट से गुजरकर मिनाल रेसिडेंसी तक पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे मिनाल वॉकिंग स्ट्रीट पर बाइक और कारों का लाइव स्टंट शो और प्रदर्शन होगा।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भोपाल के लोगों के लिए यह आयोजन सिर्फ देखने लायक ही नहीं, बल्कि यह याद दिलाने वाला भी होगा कि असली रफ्तार तभी मायने रखती है जब वह सुरक्षित हो। इस बार आज़ादी के जश्न में तिरंगे के रंगों के साथ इंजन की गर्जना और टायरों की चीख भी गूंजेगी वो भी रोमांच और सुरक्षा, दोनों का सम्मान करते हुए।
