भोपाल | राजधानी भोपाल जिले में मंगलवार को एचआईवी-एड्स सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत मेगा बाइक रैली के साथ हुई। यह अभियान 12 अक्टूबर तक चलेगा और खासतौर पर 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा। रैली मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय से निकाली गई, जिसमें एचआईवी संक्रमण से बचाव और मरीजों के प्रति भेदभाव न करने का संदेश दिया गया।
बड़े पैमाने पर हुई भागीदारी
इस अवसर पर मध्यप्रदेश एड्स नियंत्रण सोसाइटी की परियोजना संचालक शुचिस्मिता सक्सेना, संयुक्त संचालक डॉ. सविता ठाकुर, CMHO भोपाल डॉ. मनीष शर्मा, जिला क्षय अधिकारी डॉ. प्रांजल खरे सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, कॉलेज विद्यार्थी और अशासकीय संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अभियान के उद्देश्य
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग बनाना और एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियां दूर करना है। इसके तहत भेदभाव-मुक्त वातावरण तैयार करने और एचआईवी-एड्स एक्ट (प्रिवेंशन एंड कंट्रोल) 2017 की जानकारी आमजन को दी जाएगी।
भोपाल में मेगा बाइक रैली से हुई एच आई वी सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत pic.twitter.com/S6wdsI2G3A
— cmhobhopal (@cmhobhopal) August 12, 2025
गांव-गांव पहुंचेगा संदेश
अभियान के दौरान 15 अगस्त और 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभाओं में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर और एमपीडब्ल्यू, पंचायत सचिवों के समन्वय से विशेष चर्चा करेंगे। इन बैठकों में एचआईवी से संबंधित तथ्य और भ्रांतियों को स्पष्ट किया जाएगा।
स्वास्थ्य शिविर और जांच अभियान
डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवसों में भी जागरूकता गतिविधियां होंगी। जिन इलाकों में एचआईवी संक्रमण या जोखिम अधिक है, वहां एकीकृत स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इनमें टीबी, हेपेटाइटिस, एसटीआई, आरटीआई और एचआईवी एड्स सहित अन्य जांचें की जाएंगी।
