भोपाल के रातीबड़ स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में छठवीं कक्षा में प्रवेश के लिए होने वाली चयन परीक्षा की तारीख तय कर दी गई है। इस बार परीक्षा 13 दिसंबर 2025, शनिवार को आयोजित की जाएगी। जिले के कुल 8 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा एक साथ होगी। नवोदय में एडमिशन के लिए हर साल हजारों बच्चे आवेदन करते हैं, ऐसे में इस परीक्षा को लेकर बच्चों और अभिभावकों दोनों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
एडमिट कार्ड ऑनलाइन जारी
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि चयन परीक्षा के एडमिट कार्ड ऑनलाइन जारी कर दिए गए हैं। अभिभावक अपने बच्चों के एडमिट कार्ड घर बैठे ही डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें navodaya.gov.in या फिर cbseitms.rcil.gov.in/nvs/AdmitCard वेबसाइट पर जाना होगा। स्कूल प्रशासन की मानें तो एडमिट कार्ड खुद डाउनलोड करना बेहद आसान है और इसके लिए किसी तरह की फीस या ऑफिस चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है।
विद्यालय के प्राचार्य ने अभिभावकों से खास अपील की है कि वे आखिरी समय का इंतजार न करें और समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें। कई बार सर्वर की दिक्कत या इंटरनेट की समस्या की वजह से आखिरी वक्त में परेशानी बढ़ जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को एडमिट कार्ड निकालने में दिक्कत आ रही है या वेबसाइट ओपन नहीं हो रही, तो वे सीधे स्कूल ऑफिस में संपर्क कर सकते हैं।
इन नंबर्स पर करें संपर्क
विद्यालय का संपर्क नंबर भी जारी किया गया है, ताकि अभिभावकों को किसी तरह की समस्या न हो। रातीबड़ नवोदय के कार्यालय से 0755-2896325 और 9584359571 पर बात की जा सकती है। यहां स्टाफ की टीम अभिभावकों की हर समस्या का तुरंत समाधान करेगी। नवोदय स्कूलों की खासियत यह है कि यहां पढ़ाई, रहना, खाना सबकुछ बिल्कुल मुफ्त होता है और बच्चे एक बेहतर माहौल में गुणात्मक शिक्षा प्राप्त करते हैं। यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नवोदय प्रवेश परीक्षा में बैठते हैं। अब जबकि परीक्षा की तारीख नजदीक आ गई है, बच्चों की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
प्राचार्य ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षा को लेकर किसी तरह का तनाव न लें, बस शांत मन से पेपर दें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करें। परीक्षा दिवस पर समय से पहले सेंटर पहुंचना और एडमिट कार्ड व पहचान पत्र साथ रखना जरूरी होगा।
