भोपाल में नौकरी ढूंढ रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार कार्यालय और अनुदिप फाउंडेशन मिलकर 27 नवंबर को युवा संगम रोजगार मेला का आयोजन कर रहे हैं। यह मेला सुबह 11 बजे से ट्रूबा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, करोंद रोड (गांधी नगर बायपास) में लगाया जाएगा। इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 31 मल्टिनेशनल कंपनियां युवाओं का चयन करने पहुंचेंगी।
सभी योग्य आवेदकों से अपील
जिला रोजगार अधिकारी ने मध्यप्रदेश के सभी इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे रोजगार मेले में जरूर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जिन भी आवेदक-आवेदिकाओं को नौकरी की जरूरत है, वे अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, फोटो, पहचान पत्र और बायोडाटा साथ लेकर पहुंचे। रोजगार मेला युवाओं के लिए सरकारी और निजी दोनों तरह के रोजगार व स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का एक बड़ा मंच होगा।
साक्षात्कार की प्रक्रिया स्थल पर ही
मेले में आने वाली कंपनियां अपनी-अपनी जरूरत और नियमों के हिसाब से साक्षात्कार लेंगी। भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी उम्मीदवारों को सीधे कंपनी के प्रतिनिधियों से स्थल पर ही मिलेगी। अधिकारी ने साफ किया कि युवाओं को अपने सवाल खुद कंपनियों से पूछने चाहिए ताकि चयन प्रक्रिया और काम की प्रकृति की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
31 कंपनियां होंगी शामिल
मेले में देश-विदेश की कई जानी-मानी कंपनियां हिस्सा लेने जा रही हैं। इसमें रोबोनॉट, टेलीपरफॉर्मेंस, कैलिबर, मैक्ररेनी, पेरेन्यिल, आयसर, एनर्जी ग्रीन, क्वेस कॉर्प, एडोको, गोड, अव्यन मैनेजमेंट, पेटीएम, टेनोटास्क, एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस, यूनिफाई, एयू स्मॉल फाइनेंस, एलआईसी ऑफ इंडिया, स्विगी प्राइवेट लिमिटेड भोपाल, यूनिवर्सल प्राइवेट लिमिटेड, पुखराज हेल्थ, एनएनआईटी, इंडो नौकरी डॉट कॉम (शिक्षक भर्ती हेतु), इनोव, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, ग्रो फास्ट ग्रुप, अमूल, एसबीआई क्रेडिट लाइन प्राइवेट लिमिटेड और सत्यम जैसी कंपनियां युवाओं को नौकरी देने पहुंचेंगी।
हर क्षेत्र के लिए रोजगार के अवसर
रोजगार मेले में तकनीकी, गैर-तकनीकी, बैंकिंग, बीमा, शिक्षा, सेवा क्षेत्र, फूड डिलीवरी, सेल्स और मार्केटिंग जैसे कई क्षेत्रों में नौकरियां उपलब्ध होंगी। ऐसे में इंजीनियरिंग, आईटी, शिक्षक, ग्रेजुएट, 12th पास और स्किल्ड-नॉन स्किल्ड सभी वर्ग के युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार अवसर मिल सकते हैं। जिला प्रशासन का मानना है कि यह रोजगार मेला भोपाल और आसपास के जिलों के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा। अब देखना होगा कि रोजगार की तलाश में कितने युवा इस मौके का फायदा उठाते हैं।
