,

जस्टिस संजीव सचदेवा बने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश, केंद्र ने जारी की अधिसूचना

Author Picture
Published On: 15 July 2025

भोपाल | मध्यप्रदेश हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। केंद्र सरकार ने सोमवार को वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। वे अब प्रदेश के पूर्णकालिक चीफ जस्टिस का पदभार संभालेंगे। जस्टिस सचदेवा 24 मई 2025 से बतौर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (Acting Chief Justice) जिम्मेदारी निभा रहे थे। यह पद पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुआ था। इससे पहले भी वे 9 जुलाई 2024 से 24 सितंबर 2024 तक कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं।

दिल्ली से MP तक का सफर

जस्टिस सचदेवा का दिल्ली हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में स्थानांतरण 30 मई 2024 को हुआ था। वे दिल्ली हाईकोर्ट में लंबे समय तक न्यायाधीश के रूप में कार्य कर चुके हैं और अपने निष्पक्ष और तकनीकी दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। अब वे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के 26वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

भोपाल में लेंगे शपथ

जानकारी के मुताबिक, जस्टिस संजीव सचदेवा को भोपाल में राज्यपाल द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। हालांकि शपथ ग्रहण की तारीख अभी तय नहीं हुई है। हाईकोर्ट और राज्य शासन के बीच जल्द ही औपचारिक कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।

केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट को एक और न्यायाधीश दिया है। जस्टिस विवेक कुमार सिंह, जो वर्तमान में मद्रास हाईकोर्ट में पदस्थ हैं, उनका स्थानांतरण जबलपुर किया गया है। वे जबलपुर में न्यायिक कार्यभार ग्रहण करेंगे और मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा ही उन्हें शपथ दिलाएंगे।

हाईकोर्ट में अब 34 जज

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जजों की संख्या अब बढ़कर 34 हो गई है, जबकि कुल 53 पद स्वीकृत हैं। इसका मतलब यह है कि अभी भी 29 न्यायाधीशों की कमी है। लगातार बढ़ते मुकदमों के बोझ के बीच न्यायिक नियुक्तियां तेजी से पूरी की जा रही हैं, ताकि लंबित मामलों का निपटारा शीघ्रता से हो सके।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp