,

MP के कुरवाई को मिली 258 करोड़ की विकास सौगात, गरीब कल्याण और किसानों की बेहतरी पर सरकार का फोकस

Author Picture
Published On: 27 September 2025

MP के विदिशा जिले के कुरवाई में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को 258 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 92 करोड़ 70 लाख की लागत से 46 नए कार्यों का भूमिपूजन और 165 करोड़ के 34 कार्यों का लोकार्पण शामिल रहा। इस अवसर पर 7 करोड़ 36 लाख की हिनौता बांध परियोजना का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के गरीब कल्याण और चहुँमुखी विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम हो रहा है।

भावांतर योजना लागू

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए बताया कि प्रदेश में भावांतर योजना लागू कर दी गई है। इस वर्ष सोयाबीन पर किसानों को 5328 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा। बाजार दर और समर्थन मूल्य के अंतर की राशि सरकार 15 दिन के भीतर सीधे किसानों के खातों में जमा करेगी। डॉ. यादव ने कहा कि खराब फसलों का सर्वे कराया जाएगा और प्रभावित किसानों को राहत राशि व बीमा का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को सिंचाई के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

बहनों को भाई दूज पर मिलेगा उपहार

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना के तहत नई घोषणा करते हुए कहा कि दीपावली के बाद भाई दूज पर लाभार्थी बहनों को 1500 रुपए की राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए स्कूटी, छात्रवृत्ति, साइकिल, नि:शुल्क किताबें और छात्रावास जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

डॉ. यादव ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने बताया कि जीएसटी कम होने से कई वस्तुएं सस्ती हुई हैं। साथ ही सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने वाले लोगों को 25 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि देने की राहवीर योजना और गंभीर रोगियों के लिए एयरलिफ्ट सुविधा का जिक्र भी किया।

घोषणाओं की झड़ी

मुख्यमंत्री ने कुरवाई प्रवास के दौरान कई घोषणाएं कीं। इनमें नगर परिषद कुरवाई के लिए 2 करोड़, पठारी में महाविद्यालय, कुरवाई में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तर का करने और बीना रिफाइनरी से जुड़े उद्योगों के लिए औद्योगिक क्षेत्र के विकास की घोषणा शामिल रही। साथ ही कुरवाई, लटेरी और नटेरन में नए छात्रावास, विदिशा और कुरवाई में जनपद पंचायत भवन, सिरोंज में हाई स्कूल भवन और ग्यारसपुर में सांदीपनि स्कूल एवं क्रिटिकल केयर अस्पताल की स्थापना का वादा किया।

जनता के बीच रोड शो

डॉ. यादव ने कुरवाई में रोड शो में भी हिस्सा लिया, जहां स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उन्होंने प्रदर्शनी के स्टालों का अवलोकन किया और प्रबुद्धजनों से संवाद कर ग्राम विकास पर सुझाव लिए। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री लखन सिंह पटेल, सांसद लता वानखेड़े, कई विधायक और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp