, ,

55 जिलों में महिला कांग्रेस करेंगी प्रेस वार्ता, कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी पर विरोध

Author Picture
Published On: 27 September 2025

भाजपा सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की ओर से कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भाई–बहन के रिश्ते पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बड़ा कदम उठाया है। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर राज्य के 55 जिलों में महिला कांग्रेस एक साथ प्रेस वार्ता कर भाजपा नेताओं की असंस्कारी भाषा का विरोध दर्ज कराएगी।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक मतभेद और बहस लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन भाई–बहन जैसे पवित्र रिश्ते पर सवाल उठाना भारतीय संस्कृति का घोर अपमान है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विजयवर्गीय की टिप्पणी से न केवल महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँची है बल्कि भारतीय समाज की मूलभूत मर्यादा भी आहत हुई है।

गिरती सोच का प्रतीक

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ मंत्री द्वारा ऐसे बयान देना उनकी गिरती हुई सोच और असंवेदनशील राजनीति का प्रमाण है। महिला कांग्रेस की ज़िला स्तर पर होने वाली पत्रकार वार्ताओं में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा और जनता को बताया जाएगा कि किस तरह भाजपा महिला विरोधी मानसिकता को बढ़ावा दे रही है।

भाजपा का असली चेहरा

संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने जानकारी दी कि 55 जिलों में होने वाली महिला कांग्रेस की पत्रकार वार्ताएँ भाजपा के असली चेहरे को जनता के सामने लाएँगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार के सम्मान और भारतीय संस्कृति की गरिमा की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उनका कहना था कि भाजपा नेताओं की असंस्कारी राजनीति का पर्दाफाश करना ही इन प्रेस वार्ताओं का मुख्य उद्देश्य है।

कांग्रेस का संकल्प

प्रदेश कांग्रेस ने ऐलान किया है कि पार्टी अपने नेतृत्व और उनके परिवार के मान–सम्मान पर किसी भी तरह की आंच नहीं आने देगी। महिला कांग्रेस हर मंच से भाजपा नेताओं के निंदनीय बयानों का जवाब देगी और लोकतांत्रिक तरीकों से जनता के बीच इस मुद्दे को उठाएगी।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp