मैहर क्षेत्र के भदनपुर-भटूरा और भदनपुर-बराखुर्द मार्ग इन दिनों आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। इन सड़कों पर ओवरलोड ट्रकों की लगातार आवाजाही ने हालात को भयावह बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी ट्रक दिन और रात बिना रोक-टोक गुजरते हैं, जिससे सड़कें तेजी से टूट रही हैं और हर पल हादसे का डर बना रहता है।गांववासियों का आरोप है कि ट्रकों की मनमानी से सबसे ज्यादा नुकसान पैदल चलने वालों, दोपहिया सवारों और स्कूली बच्चों को हो रहा है। कई बार ट्रक तेज रफ्तार में गांव के भीतर से निकल जाते हैं, जिससे लोग सहमे रहते हैं। लगातार बिगड़ती स्थिति ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कलेक्टर कार्यालय में कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं। इसके बावजूद न तो परिवहन विभाग की जांच दिखी और न ही पुलिस की सख्ती। लोगों का आरोप है कि शिकायतें फाइलों में दबकर रह जाती हैं और जमीनी स्तर पर कोई बदलाव नजर नहीं आता।
मैहर प्रशासन पर उठे संरक्षण के सवाल
स्थानीय नागरिकों के बीच यह चर्चा आम हो गई है कि कहीं न कहीं ओवरलोड ट्रकों को मौन समर्थन मिल रहा है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई होती, तो हालात इतने खराब नहीं होते। प्रशासन की चुप्पी ने अवैध परिवहन करने वालों के हौसले और बढ़ा दिए हैं।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही ओवरलोड ट्रकों पर रोक नहीं लगी, तो वे सीएम हेल्पलाइन में सामूहिक शिकायतें दर्ज कराएंगे। साथ ही भदनपुर–बराखुर्द मार्ग पर बड़े स्तर पर आंदोलन करने की भी तैयारी है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी पूरी तरह मैहर प्रशासन की होगी।
