सतना में शनिवार रात एक इनकम टैक्स एडवोकेट के घर से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घर के लोग शादी में गए थे और इसी बीच चोरों ने खाली घर को निशाना बना लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एडवोकेट सुमित कुमार बालमीक शनिवार शाम करीब 5:30 बजे अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। शाम से रात तक घर में सन्नाटा देख चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
रात करीब 9 बजे पड़ोस में रहने वाली उनकी दीदी ने घर के अंदर से हलचल सुनी और तुरंत सुमित को फोन कर बताया कि घर में कोई है। सूचना मिलते ही सुमित ने तुरंत डायल-112 और स्थानीय पुलिस को खबर दी। टीम के पहुंचने से पहले ही चोर भाग निकले।
लॉक तोड़कर गहने साफ
सुमित के भाई और पड़ोसी दीदी जब अंदर पहुंचे तो देखा कि अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। लॉकर में रखे सोने और चांदी के गहने पूरी तरह गायब थे। चोर 4 सोने की चूड़ियां, एक सोने का हार, बेंदी, नथ, बाजूबंद, सोने की अंगूठी और करीब दो किलो चांदी के आभूषण ले गए। घर का सामान भी बिखरा हुआ मिला जिससे अंदाजा लग रहा है कि चोरों ने काफी देर तक घर खंगाला।
पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि वारदात में एक से अधिक लोगों की भूमिका हो सकती है और चोर आसपास के इलाके की गतिविधियों पर पहले से निगरानी रख रहे थे। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। टीम ने पड़ोसियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चोरी में शामिल आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।
लोग परेशान
चोरी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत है। लोगों का कहना है कि कुछ दिनों से मोहल्ले में संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे थे। वारदात के बाद पुलिस ने पेट्रोलिंग बढ़ाने का भरोसा दिलाया है। एडवोकेट सुमित ने बताया कि गहनों के साथ-साथ कुछ अहम कागजात भी उसी अलमारी में रखे थे। फिलहाल, पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
