बनारस से जबलपुर की ओर उड़ान भर रहा एक प्राइवेट हेलिकॉप्टर कटनी में अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गया। करीब 5 बजे हवा में उड़ते समय डिस्प्ले पर रेड सिग्नल दिखते ही पायलट ने बिना देर किए इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला ले लिया। पायलट की तत्परता और सूझबूझ की वजह से बड़ा हादसा टल गया और हेलिकॉप्टर को सुरक्षित तरीके से कटनी जिले के सलैया गांव स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में उतार दिया गया।
हेलिकॉप्टर के लैंड होते ही गांव में खबर आग की तरह फैल गई। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोग हेलिकॉप्टर के पास खड़े होकर फोटो और वीडियो बनाने लगे। मौके की स्थिति को देखते हुए बरही और बरगी थाना पुलिस तुरंत पहुंची और चारों तरफ सुरक्षा घेरा बना दिया, ताकि भीड़ हेलिकॉप्टर के ज्यादा करीब न जा सके।
महसूस किया कंपन
जानकारी के अनुसार, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट सिमरन सिंह ने मशीन में हल्का कंपन महसूस किया। उसी समय डिस्प्ले पर रेड अलर्ट दिखाई दिया। प्रोटोकॉल के तहत उन्होंने तुरंत बैंगलोर स्थित कंपनी के हेडक्वार्टर और कंट्रोल रूम से संपर्क किया और स्थिति की जानकारी दी। अनुमति मिलने के बाद पायलट ने सबसे सुरक्षित जगह तलाशते हुए स्कूल मैदान में लैंडिंग की। यह हेलिकॉप्टर संजय घोणावत समूह का बताया जाता है, जो जबलपुर और गोंदिया में एयर सर्विस ऑपरेट करता है। अक्सर यह हेलिकॉप्टर वीआईपी और जनप्रतिनिधियों की यात्रा के लिए इस्तेमाल में लाया जाता है। हादसे के समय हेलिकॉप्टर में पायलट के अलावा कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था, जिस वजह से बड़ी दुर्घटना से बचाव हो गया।
जांच जारी
रविवार सुबह दिल्ली से कंपनी के इंजीनियरों की एक टीम सलैया पहुंची और हेलिकॉप्टर की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मशीन में खराबी किस वजह से आई। तकनीकी टीम के मुताबिक जब तक समस्या की सही पहचान नहीं हो जाती, हेलिकॉप्टर को उड़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल, हेलिकॉप्टर पुलिस सुरक्षा घेराबंदी के बीच स्कूल मैदान में खड़ा है। ग्रामीणों की भीड़ लगातार पहुंच रही है और हेलिकॉप्टर देखने का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा। पायलट की सतर्कता ने न सिर्फ मशीन को बचाया, बल्कि किसी बड़े हादसे को होने से भी रोक दिया।
